1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. देश और क्लब ने एशियाई फुटबाल का ध्य़ान खींचा, अब न पीछे मुड़कर देखे: छेत्री

देश और क्लब ने एशियाई फुटबाल का ध्य़ान खींचा, अब न पीछे मुड़कर देखे: छेत्री

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Nov 04, 2016 07:03 pm IST,  Updated : Nov 04, 2016 07:03 pm IST

बेंगलुरू एफसी के एएफसी कप फाइनल में खेलने की विशिष्ट उपलब्धि से उत्साहित करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने कहा कि अब भारतीय फुटबाल को पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए...

sunil- India TV Hindi
sunil

नई दिल्ली: बेंगलुरू एफसी के एएफसी कप फाइनल में खेलने की विशिष्ट उपलब्धि से उत्साहित करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने कहा कि अब भारतीय फुटबाल को पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए। उन्होंने इसके साथ ही देशवासियों से एक और इतिहास रचने के लिए क्लब का समर्थन करने की भी अपील की।

बेंगलुरू एफसी इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाला पहला भारतीय क्लब है। उसने मौजूदा चैंपियन जोहोर दारूल ताजिम को पिछले महीने 4-2 के कुल स्कोर से पराजित करके यह उपलब्धि हासिल की।

वह कल दोहा में होने वाले फाइनल में इराक के एयरफोर्स क्लब से भिड़ेगा।

छेत्री ने कहा, फाइनल मेरे क्लब करियर का सबसे बड़ा मैच है और इसमें कोई संदेह नहीं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि यह भारतीय फुटबाल के लिये काफी मायने रखता है। क्लब और देश ने एशियाई फुटबाल का ध्यान खींचा है और यहां से अब पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए।

भारत की तरफ से 91 मैचों में सर्वाधिक 51 गोल करने वाले छेत्री अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा, हमने फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय टीम बनकर इतिहास रच दिया है और एक दिन बाद हमारे पास एक कदम और आगे बढ़ाने का मौका होगा। परिणाम जो भी रहे यह बहुत बड़ा अवसर और उपलब्धि है जिससे देश को प्रेरित होना चाहिए।

इस 32 वर्षीय स्ट्राइकर ने देशवासियों से टीम का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, यह देखना शानदार रहा कि पूरे देश ने फाइनल तक की हमारी राह में हमारा समर्थन किया और उम्मीद है कि यह आगे भी बना रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल