1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विश्व तीरंदाजी : भारतीय महिला टीम को मिला रजत

विश्व तीरंदाजी : भारतीय महिला टीम को मिला रजत

 Written By: IANS
 Published : Aug 03, 2015 09:22 am IST,  Updated : Aug 03, 2015 09:24 am IST

कोपेनहेगेन: भारत की महिला रिकर्व टीम यहां जारी तीरंदाजी विश्व चैम्पियनशिप में रविवार को रजत पदक जीतने में सफल रही। इस प्रतियोगिता में भारत को दूसरा रजत मिला है। एक दिन पहले रजत चौहान ने

विश्व तीरंदाजी :...- India TV Hindi
विश्व तीरंदाजी : भारतीय महिला टीम को मिला रजत

कोपेनहेगेन: भारत की महिला रिकर्व टीम यहां जारी तीरंदाजी विश्व चैम्पियनशिप में रविवार को रजत पदक जीतने में सफल रही। इस प्रतियोगिता में भारत को दूसरा रजत मिला है। एक दिन पहले रजत चौहान ने पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में रजत जीता था। भारतीय टीम को क्रिस्टीयनबोर्ग पैलेस में हुए फाइनल में रूस के हाथों 4-5 से हार मिली। इस तरह भारतीय टीम में शामिल दीपिका कुमारी, लक्ष्मीरानी मांझी और रिमिल बुरुले को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

रूसी टीम ने टाईब्रेकर 28-27 से जीता। रूसी टीम में इना स्टेपानोवा, केसिना पेरोवा और तुयाना डी. शामिल हैं।

भारत ने पहला सेट 56-54 के अंतर से जीतकर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद भी भारत ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए दूसरा सेट भी 54-53 से अपने नाम किया।

भारत ने एक समय 4-0 की बढ़त बना रखी थी लेकिन तीसरे सेट में रूसी टीम ने दो बार 10 प्वाइंटर हासिल किए और यह सेट 56-54 से अपने नाम किया। अब रूसी टीम 2-4 से पिछड़ रही थी।

चौथे सेट में भारतीय टीम अपना प्रधर्शन अच्छा नहीं रख सकी। उसने इस सेट में छह, सात और आठ स्कोर हासिल किए। भारत ने 50 अंक हासिल किए जो कि रूसी टीम के लिए आसान साबित हुआ। अब स्कोर 4-4 से बराबर हो चुका था।

टाईब्रेकर में भारत ने पहले प्रयास में 10 अंक हासिल किए और फिर रूस ने भी 10 अंक अपने नाम किए। दूसरे प्रयास में भारत को सिर्फ आठ स्कोर मिला जबकि रूसी खिलाड़ियों ने अगले दो प्रयासों में नौ-नौ अंक हासिल करते हुए मुकाबला और स्वर्ण अपने नाम किया।

भारत को इस चैम्पियनशिप में अब तक दो रजत मिल चुके हैं। शनिवार को पुरुष तीरंदाज रजत चौहान ने व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में हार गए। वह हालांकि देश के लिए ऐतिहासिक रजत पदक जीतने में सफल रहे थे।

रजत को फाइनल मैच में डेनमार्क के स्टीफेन हेनसेन ने हराकर स्वर्ण पदक हासिल कर लिया। स्टीफेन ने रजत को 147-143 के अंतर से हराया। रजत विश्व चैम्पियनशिप में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय कंपाउंड तीरंदाज बन गए हैं।

बीते साल तीरंदाजी विश्व कप की कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर रजत ने इतिहास रचा था।

स्टीफेन के खिलाफ रजत ने काफी कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखाई लेकिन स्थानीय लोगों की हौसलाअफजाई के बीच स्टीफेन चार अंक के अंतर से बाजी मारने में सफल रहे।

रजत ने इस सप्ताह की शुरुआत में सेमीफाइनल में कोलम्बिया के कामिलो आंद्रेस काडरेना को 143-138 अंकों से हराया था। उससे पहले क्वार्टर फाइनल में रजत ने कनाडा के केविन तारारिन को 146-143 के अंतर से हराया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल