1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अर्जेंटीना और स्पेन के बीच ऐसा रहा है हेड टू हेड रिकॉर्ड, वर्ल्ड कप में सिर्फ एकबार हुआ आमना-सामना

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच ऐसा रहा है हेड टू हेड रिकॉर्ड, वर्ल्ड कप में सिर्फ एकबार हुआ आमना-सामना

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 18, 2026 02:12 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 02:12 pm IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच में खेला जाएगा, जिसमें विश्व कप के इतिहास में अब तक दोनों टीमों का सिर्फ एकबार ही आमना-सामना हुआ है।

Argentina vs Spain- India TV Hindi
अर्जेंटीना बनाम स्पेन Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हुए एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद अब सभी फैंस को फाइनल मुकाबले का काफी बेसब्री से इंतजार है, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। दोनों ही टीमों का फाइनल तक का सफर काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को जहां 2-1 से मात दी तो वहीं स्पेन ने फ्रांस के खिलाफ अपने सेमीफाइनल मैच को एकतरफा 2-0 से जीतने के साथ खिताबी मैच का टिकट हासिल किया। अब टूर्नामेंट की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच में होने वाली इस भिड़ंत का इंतजार पूरा खेल जगत कर रहा है, जिसमें लियोनल मेसी और स्पेन के 19 साल के लामिन यमाल पर भी नजरें रहने वाली हैं। फीफा विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों का अब तक सिर्फ एकबार ही आमना-सामना हुआ है। वहीं ओवरऑल देखा जाए तो उसमें 14 मुकाबले अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेले जा चुके हैं।

विश्व कप मैच में अर्जेंटीना ने दर्ज की थी जीत

अर्जेंटीना और स्पेन की टीम के बीच में साल 1966 के विश्व कप में ग्रुप स्टेज में भिड़ंत हुई थी जिसको अर्जेंटीना 2-1 के अंतर से जीतने में कामयाब रही। इसके बाद अब 60 साल बाद ये सिर्फ दूसरी बार होगा जब अर्जेंटीना और स्पेन का आमना-सामना विश्व कप के मुकाबले में होने जा रहा है। अर्जेंटीना और स्पेन के बीच में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें फ्रेंडली मैच मिलाकर कुल 14 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ही टीमों ने 6-6 मैचों में जहां जीत हासिल की है तो वहीं 2 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं।

अर्जेंटीना की नजरें चौथी बार वर्ल्ड कप जीतने पर

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने अब तक विश्व कप को तीन बार अपने नाम किया है, जिसमें वह साल 1978, 1986 और 2022 में इसे जीतने में कामयाब रहे थे। वहीं अब उनकी नजरें चौथी बार इस खिताब को अपने नाम करने पर रहने वाली हैं, जिसमें यदि वह ऐसा करने में कामयाब होती हैं तो चार बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाली जर्मनी और इटली के बाद सिर्फ तीसरी टीम बनेगी। वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर ब्राजील है जिन्होंने सबसे ज्यादा 5 बार विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया है। स्पेन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने सिर्फ एक बार साल 2010 में फीफा विश्व कप का खिताब जीता था।

ये भी पढ़ें

मेसी ने अर्जेंटीना की आलोचना करने वाले लोगों को दिया करारा जवाब, कहा - हमें कुछ भी थाली में सजाकर नहीं मिला

Golden Boot जीतने की रेस में लियोनल मेसी बनाई बढ़त, एमबापे के पास अभी भी पहली पोजीशन पर पहुंचने का मौका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल