1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Ashes 2021-22, 3rd Test, Day 1: आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 185 रन पर समेटा

Ashes 2021-22, 3rd Test, Day 1: आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 185 रन पर समेटा

 Edited By: Bhasha
 Published : Dec 26, 2021 02:17 pm IST,  Updated : Dec 26, 2021 02:43 pm IST

आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मैच के पहले दिन पहली पारी में 185 रन पर समेट दिया। इसके जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 61 रन बनाए।

मिशेल स्टार्क - India TV Hindi
इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो को आउट करने का जश्न मनाते ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क  Image Source : GETTY IMAGES

Highlights

  • ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली
  • आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मैच के पहले दिन पहली पारी में 185 रन पर समेट दिया
  • दिन का खेल समाप्त होने तक आस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 61 रन बनाये

ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। कप्तान पैट कमिंस और नाथन लियोन के तीन – तीन विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मैच के पहले दिन पहली पारी में 185 रन पर समेट दिया। आस्ट्रेलिया ने इसके जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 61 रन बनाये हैं और वह इंग्लैंड से 124 रन पीछे है। डेविड वार्नर (38) अच्छी शुरुआत के बाद मैच के अंतिम क्षणों में पवेलियन लौटे। जेम्स एंडरसन (14 रन देकर एक) की गेंद पर जॉक क्राली ने गली में उनका नीचे रहता हुआ कैच लिया। स्टंप उखड़ने के समय दूसरे सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस 20 रन पर खेल रहे थे जबकि नाइटवाचमैन लियोन को अभी खाता खोलना है। 

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान कमिंस ने इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को झकझोरा जबकि स्पिनर नाथन लियोन ने निचले क्रम को समेटा। मिशेल स्टार्क ने 54 रन देकर दो विकेट लिये जबकि कैमरन ग्रीन और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे स्कॉट बोलैंड को एक – एक विकेट मिला। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लंच तक उसने तीन विकेट पर 61 रन बनाये थे। इसके बाद इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में भी तीन विकेट गंवाये जिसमें कप्तान जो रूट (50) और खतरनाक बेन स्टोक्स (25) के विकेट भी शामिल हैं। आस्ट्रेलिया ने तीसरे सत्र में उसके बाकी बचे चार विकेट लेकर अपना दबदबा बरकरार रखा। 

Ashes 2021-22: तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चौथे टेस्ट में वापसी को लेकर सुनिश्चित नहीं

बारिश के कारण खेल आधा घंटा देर से शुरू हुआ। कमिन्स ने दूसरे ओवर में हसीब हमीद (शून्य) को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच करा दिया। इसके बाद कमिन्स ने आठवें ओवर में दूसरे सलामी बल्लेबाज क्राली (12) को गली में कैच कराकर स्कोर दो विकेट पर 13 रन कर दिया। डेविड मलान (14) ने कप्तान जो रूट के साथ तीसरे विकेट के लिये 48 रन जोड़े। कमिन्स ने लंच से पहले के आखिरी ओवर में मलान को पहली स्लिप में वार्नर के हाथों कैच कराया। विश्व में दूसरे नंबर के बल्लेबाज रूट ने 76 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इसके तुरंत बाद स्टार्क की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर कैरी को कैच दे बैठे जिससे स्कोर चार विकेट पर 82 रन हो गया। 

स्टोक्स ने आक्रामक रवैया अपनाने की कोशिश की लेकिन ग्रीन की गेंद को कट करके उन्होंने गली में कैच दे दिया। जोस बटलर (तीन) ने चाय के विश्राम से पहले के आखिरी ओवर में लियोन की गेंद पर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर डीप मिडविकेट पर कैच दिया। अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले बोलैंड ने मार्क वुड (छह) को LBW आउट करके अपना पहला विकेट लिया। जॉनी बेयरस्टॉ ने 35 रन बनाने के बाद स्टार्क की गेंद पर गली में कैच दिया। लियोन ने पुछल्ले बल्लेबाजों जैक लीच (13) और ओली रॉबिन्सन (22) को आउट किया। बता दें कि आस्ट्रेलिया पांच मैचों की सीरीज में अभी 2-0 से आगे चल रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल