1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asia Cup 2022: भारतीय हॉकी टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, जापान से एक हार का बदला दो जीत से लिया

Asia Cup 2022: भारतीय हॉकी टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, जापान से एक हार का बदला दो जीत से लिया

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jun 01, 2022 04:26 pm IST,  Updated : Jun 01, 2022 08:13 pm IST

भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप 2022 के तीसरे स्थान के मुकाबले में जापान को 1-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है।

हॉकी एशिया कप 2022 में...- India TV Hindi
हॉकी एशिया कप 2022 में भारत को मिला ब्रॉन्ज Image Source : TWITTER @HOCKEYINDIA

Highlights

  • भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप में जीता ब्रॉन्ज मेडल
  • जापान को ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारत ने 1-0 से हराया
  • टूर्नामेंट में जापान के खिलाफ तीसरे मैच में दूसरी बार जीता भारत

एशिया कप हॉकी 2022 (Asia Cup Hockey 2022) में भारतीय हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। बुधवार को इंडोनेशिया के जकार्ता में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान को 1-0 से मात दी। इस टूर्नामेंट में जापान ने ग्रुप मैच में भारत को 5-0 से हराया था। जिसका बदला भारतीय टीम ने पहले सुपर-4 मैच और अब ब्रॉन्ज मेडल मैच में जापान को हराकर लिया है। भारत की ओर से मैच का इकलौता गोल राज कुमार पाल ने 7वें मिनट में किया था।

जानिए मैच का पूरा हाल

भारत ने पहले पांच मिनट में कई हमले बोले लेकिन डी के भीतर उन्हें कामयाबी नहीं मिली। 7वें मिनट में उत्तम सिंह ने जवाबी हमले पर दाहिने फ्लैंक से राजकुमार को गेंद सौंपी जिसने जापानी गोलकीपर तकाशी योशिकावा को छकाकर गोल दाग दिया। तीन मिनट बाद भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोल नहीं हो सका। पहले क्वार्टर के आखिरी पांच मिनट में जापान ने बराबरी का गोल दागने की बहुत कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंस काफी मजबूत दिखी। जापान को 20वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले जिन्हें भारतीय डिफेंडर्स ने गोल में बदलने नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने कई मौके बनाये लेकिन तीसरे क्वार्टर में लय कायम नहीं रख सकीं। 

ब्रेक के बाद जापान ने आक्रामक खेल दिखाकर फिर लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर बनाए लेकिन भारतीय डिफेंस को भेद नहीं सके। भारत को एक और गोल करने का मौका भी मिला लेकिन एस वी सुनील के पास पर राजकुमार का शॉट ऊपर से निकल गया। आखिरी दो क्वार्टर में जापानियों ने काफी कोशिश की लेकिन बीरेंद्र लाकड़ा की अगुवाई में भारतीय रक्षण बहुत चुस्त था। जापान को 48वें मिनट में तीन पेनल्टी कॉर्नर लगातार मिले जिन पर गोल नहीं हो सका। फाइनल में मलेशिया का सामना दक्षिण कोरिया से होगा।

भारत का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा

भारतीय टीम ने मंगलवार को सुपर-4 के अपने आखिरी मुकाबले में साउथ कोरिया के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला था। इस मुकाबले में जीतने में नाकामयाब रहने के बाद टीम इंडिया खिताब की दौड़ से बाहर हो गई थी। इससे पहले मलेशिया के खिलाफ भी भारत ने ड्रॉ खेला था और सुपर-4 के पहले मैच में जापान को 2-1 से मात दी थी। टूर्नामेंट के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद इंडोनेशिया को बुरी तरह पीटा था। इसके बाद जापान ने भारत को 5-0 से मात दी थी।

हॉकी एशिया कप के सुपर-4 में भारतीय टीम का सफर 

मैच परिणाम
भारत बनाम जपान भारत को 2-1 से मिली जीत
भारत बनाम मलेशिया 3-3 से ड्रॉ रहा मैच
भारत बनाम साउथ कोरिया 4-4 से ड्रॉ रहा मैच

हॉकी एशिया कप के लीग चरण में भारतीय टीम का प्रदर्शन

मैच  परिणाम
भारत बनाम पाकिस्तान 1-1 से ड्रॉ रहा मैच
भारत बनाम इंडोनेशिया भारत ने 16-0 से जीता मैच
भारत बनाम जापान भारत को 5-2 से मिली हार

राफेल नडाल का दबदबा बरकरार, फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नंबर 1 नोवाक जोकोविच को दी मात

गौरतलब है कि टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में नियमित कप्तान मनप्रीत सिंह समेत कई  सीनियर खिलाड़ियों के बिना उतरी। इस टूर्नामेंट में बतौर डिफेंडिंग चैंपियन उतरी भारतीय टीम की कप्तानी बीरेंद्र लाकड़ा ने संभाली, वहीं, पूर्व कप्तान सरदार सिंह कोच की भूमिका में दिखाई दिए। पिछले संस्करण के फाइनल में भारत ने ढाका में आयोजिच हुए फाइनल मैच में मलेशिया को 2-1 से हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया था। भारत के अलावा पाकिस्तान भी तीन बार ये खिताब जीता है, जबकि दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीम है, जिसने पिछले 10 सीजनों में चार बार यह खिताब अपने नाम किया है। इस सीजन के फाइनल मुकाबले में आमने-सामने हैं मलेशिया और साउथ कोरिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल