Wednesday, March 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. CWG 2022: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के हाथों से फिसला मुकाबला, इंग्लैंड ने 4-4 से ड्रॉ करवाया मैच

CWG 2022: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के हाथों से फिसला मुकाबला, इंग्लैंड ने 4-4 से ड्रॉ करवाया मैच

Written By: Priyam Sinha @@PriyamSinha4 Published : Aug 01, 2022 10:51 pm IST, Updated : Aug 01, 2022 10:51 pm IST

CWG 2022: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 3-0 की लीड बना ली थी लेकिन आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करने का मौका इंग्लैंड को दिया। जिसके कारण यह मैच 4-4 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

IND vs ENG Men's Hockey, CWG 2022- India TV Hindi
Image Source : AP IND vs ENG Men's Hockey, CWG 2022

Highlights

  • भारत और इंग्लैंड के बीच पुरुष हॉकी मैच 4-4 से ड्रॉ
  • इंग्लैंड ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करके भारत के हाथों से छीनी जीत
  • भारत ने घाना को 11-0 से हराकर किया था विजयी आगाज

CWG 2022: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पूल बी के अपने दूसरे मैच में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है। भारत की बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में यह लगातार दूसरी जीत होती लेकिन भारत ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल इंग्लैंड को करने का मौका दिया। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में जीती हुई बाजी को गंवा दिया। इससे पहले पिछले मुकाबले में भारत ने घाना को 11-0 से हराकर विजयी आगाज किया था। 

भारत ने इस मैच में हाफ टाइम तक 3-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के अंत में इंग्लैंड ने एक गोल किया। फिर इंग्लैंड ने चौथे क्वार्टर में दमदार वापसी की और मुकाबले को भारत के हाथों से छीना और ड्रॉ करवा दिया। भारत के दो खिलाड़ी गुरजंत सिंह और वरुण कुमार को येलो कार्ड दिखाया गया और एक समय भारतीय टीम सिर्फ 9 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी। यही कारण रहा की इंग्लैंड का अटैक भारत पर हावी हो गया।

यहां जानिए मैच के सभी अपडेट

  • भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ कठिन माने जाने वाले इस मैच के दूसरे मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया। ललित उपाध्याय ने पहला गोल दागा और भारत को 1-0 की बढ़त शुरुआत में ही दिला दी।
  • इसके बाद भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्वार्टर में ही दूसरा गोल कर दिया। भारत के लिए यह गोल मंदीप सिंह ने किया और इंग्लैंड पर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। 
  • भारतीय टीम ने पहला गोल दूसरे मिनट में किया और दूसरा गोल 13वें मिनट में किया। इसी के साथ भारत ने पहले क्वार्टर में इंग्लैंड पर 2-0 की बढ़त बनाई। 
  • 22वें मिनट में फिर मंदीप सिंह का शॉट इंग्लैंड के खिलाड़ी की स्टिक से लगकर गोल में गया और भारत को दूसरे क्वार्टर में 3-0 की लीड मिल गई। यह गोल मंदीप के खाते में जुड़ा और यह उनका मैच का दूसरा गोल था।
  • तीसरे क्वार्टर में लगभग साढ़े 3 मिनट का समय शेष था तब ही इंग्लैंड ने इस मैच में अपना खाता खोला और स्कोर को 3-1 कर दिया। हालांकि इस पर भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह ने रिव्यू लिया लेकिन यह भारत के पक्ष में नहीं गया और इंग्लैंड को गोल मिला।
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे क्वार्टर के खत्म होने तक लीड को अपने पास बरकरार रखा। हालांकि इस क्वार्टर में इंग्लैंड ने एक गोल किया लेकिन भारत 3-1 से आगे रहा।
  • तीसरे क्वार्टर में गोल खाने के बाद भारत ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही जबरदस्त वापसी की और हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत की लीड को 4-1 कर दिया।
  • भारत के चौथे गोल के तुरंत बाद इंग्लैंड ने भी चौथे क्वार्टर में अपना दूसरा गोल किया और स्कोर को 4-2 कर दिया।
  • चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड ने दूसरा और मैच का अपना तीसरा गोल करते हुए भारत की लीड को महज एक गोल का किया। भारत अभी 4-3 से आगे है। अभी मैच खत्म होने में करीब साढ़े 9 मिनट का खेल बाकी है।
  • चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड ने तीसरा गोल दागते हुए स्कोर 4-4 करके बराबरी कर ली। 
  • भारतीय हॉकी टीम के हाथों से जीता हुआ मैच निकल गया और इंग्लैंड ने आखिरी क्वार्टर में 3 गोल दागते हुए मैच को 4-4 से ड्रॉ करवा लिया।
Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement