1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ₹1999 का टिकट ₹199 में, भारत-उरुग्वे मैच के टिकट 90% तक हुए सस्ते, ब्राजील मैच में आए थे 51 हजार दर्शक

₹1999 का टिकट ₹199 में, भारत-उरुग्वे मैच के टिकट 90% तक हुए सस्ते, ब्राजील मैच में आए थे 51 हजार दर्शक

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 05, 2026 07:30 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 07:31 pm IST

ब्राजील के खिलाफ मैच में कई सीटें खाली रह जाने के बाद, आयोजकों ने दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए कदम उठाया है। भारत और उरुग्वे के बीच होने वाले अगले मैच के लिए टिकटों की कीमतों में 90% की भारी कटौती की गई है, जिससे अब कुछ स्टैंड्स के टिकट ₹199 में उपलब्ध हैं।

India vs Brazil Match- India TV Hindi
भारत बनाम ब्राजील मैच Image Source : PTI

भारत और ब्राजील के मैच में स्टेडियम की खाली सीटों को देखते हुए आयोजकों ने बड़ा फैसला लिया है। उरुग्वे के खिलाफ होने वाले अगले मैच में ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को बुलाने के लिए टिकटों की कीमत 90% तक कम कर दी गई है। इसके तहत ₹1,999 वाला टिकट अब सिर्फ ₹199 में मिलेगा। ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन (AIFF) ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने मैच में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए सी2 लेफ्ट और सी2 राइट ब्लॉक के लिए कीमतों में कटौती की है।

ब्राजील के खिलाफ मैच में काफी स्टैंड्स रहे थे खाली

ब्राजील के खिलाफ हुए मैच में स्टेडियम की क्षमता 85,000 दर्शकों की थी, लेकिन फिर भी लगभग 51,000 लोग ही मैच देखने पहुंचे। पांच बार की वर्ल्ड कप विजेता ब्राजील टीम में विनीसियस जूनियर, गैब्रियल मैगाल्हेस और मार्क्विनहोस जैसे बड़े-बड़े स्टार खिलाड़ी खेल रहे थे, इसलिए इतने बड़े स्टार्स के होने के बावजूद कई सीटों का खाली रह जाना काफी निराशाजनक रहा।

30 सितंबर को कोलकाता पहुंच चुकी है उरुग्वे की टीम

दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे की टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए 30 सितंबर को ही कोलकाता पहुंच गई थी। 6 अक्टूबर को होने वाले इस मैच से पहले कोलकाता आने पर टीम को यहां के माहौल में ढलने और आराम से अपनी तैयारी शुरू करने का पूरा मौका मिल गया। इससे पहले 5 सितंबर को उरुग्वे ने भारत के खिलाफ अपनी मजबूत टीम का ऐलान किया था, जिसमें अनुभवी इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ-साथ कई बेहतरीन युवा चेहरे भी शामिल हैं।

उरुग्वे की टीम में मौजूद हैं कई स्टार खिलाड़ी

उरुग्वे की टीम में मिडफील्ड विभाग की कमान रियल मैड्रिड के स्टार फेडेरिको वाल्वरडे संभाल रहे हैं, और उनके साथ रोड्रिगो बेंटानकुर, लुकास टोरेरा और पेलिस्ट्री जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। टीम का डिफेंस भी काफी मजबूत और अनुभवी है, जिसमें रोनाल्ड अरुजो, जिमेनेज और नाहितन नंदेज जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सैंटियागो मेले, क्रिस्टोफर और इग्नासियो संभाल रहे हैं।

ब्राजील के खिलाफ पिछले मैच में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था, हालांकि भारतीय टीम ने शुरुआत के लगभग 30 मिनट तक ब्राजील को एक भी गोल नहीं करने दिया था। अब भारत के सामने उरुग्वे की मजबूत चुनौती है। इस आने वाले मैच में भारतीय टीम बेहतर खेल दिखाकर वापसी करना चाहेगी, वहीं आयोजक भी यही उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा लोग मैच देखने पहुंचे।

यह भी पढ़ें

कुमकुम मोहोद ने 17 साल की उम्र में रचा इतिहास, रिकर्व महिला व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली बनी पहली खिलाड़ी

कमबैक हो तो ऐसा! 6-7 से पिछड़ने के बाद अमन सहरावत ने पलटा पासा, भारत की झोली में डाला 20वां गोल्ड मेडल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।