1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. टीम इंडिया ने एकमात्र जीत से किया ऑस्ट्रेलिया दौरे का अंत, नवनीत कौर ने दागा विजयी गोल

टीम इंडिया ने एकमात्र जीत से किया ऑस्ट्रेलिया दौरे का अंत, नवनीत कौर ने दागा विजयी गोल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 05, 2025 01:35 pm IST,  Updated : May 05, 2025 01:35 pm IST

भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का जीत के साथ समापन किया। टीम इंडिया को इस दौरे पर सिर्फ एकमात्र जीत मिली।

Hockey India - India TV Hindi
भारतीय महिला हॉकी टीम Image Source : HOCKEY INDIA

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 4 मई को खेले गए रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर एकमात्र जीत दर्ज करते हुए दौरे का समापन किया। स्ट्राइकर नवनीत कौर ने पर्थ हॉकी स्टेडियम में 21वें मिनट में मैच विजयी गोल किया। भारत को इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम से 3-5 और 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था और फिर टीम एक मई और तीन मई को ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम से 0-2 और 2-3 से पराजित हो गई थी। 

मेहमान टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के पांचवें और अंतिम मैच में बेहतरीन हॉकी खेली और मेजबान टीम को करीबी मुकाबले में शिकस्त दी। पहले क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने दबदबा बनाया और दो पेनल्टी कॉर्नर प्राप्त किए, लेकिन भारत के मजबूत डिफेंस ने उन्हें पहला गोल करने से रोक दिया। 

आखिरी मैच में भारत ने बेहतर खेल दिखाया 

दूसरे क्वार्टर में छह मिनट बाद भारत ने उप-कप्तान नवनीत कौर के मैदानी गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली। नवनीत ने शनिवार को भारत की 2-3 की हार में भी गोल किया था। दूसरे हाफ में दोनों टीमें गोल करने के लिए बेताब थीं लेकिन भारत ने संयम बनाए रखा और बढ़त का सफलतापूर्वक बचाव किया। अंतिम क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने एक महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया। 

भारत के सामने अब FIH प्रो लीग के यूरोपीय चरण की चुनौती

भारतीय टीम का यह दौरा जून में होने वाले एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण की तैयारी को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण था, लेकिन खिलाड़ी उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के दौरे के लिए पांच नए खिलाड़ियों को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया था। भारत प्रो लीग के यूरोपीय चरण में सात जून को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल