1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. किदांबी श्रीकांत ने कनाडा ओपन के सेमीफाइनल में बनाई जगह, वर्ल्ड नंबर 6 खिलाड़ी को दी करारी शिकस्त

किदांबी श्रीकांत ने कनाडा ओपन के सेमीफाइनल में बनाई जगह, वर्ल्ड नंबर 6 खिलाड़ी को दी करारी शिकस्त

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 05, 2025 11:58 am IST,  Updated : Jul 05, 2025 11:58 am IST

किदाम्बी श्रीकांत ने कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में चीनी ताइपे के शीर्ष वरीय चोऊ टिएन चेन पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में एंट्री की।

Kidambi Srikanth- India TV Hindi
किदांबी श्रीकांत Image Source : PTI

भारतीय बैडमिंटन स्टार किदांबी श्रीकांत ने कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। श्रीकांत ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के टॉप सीड और विश्व नंबर 6 चोउ टिएन चेन को सीधे गेमों में हराकर बड़ी जीत दर्ज की। 43 मिनट तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत ने चेन को 21-18, 21-9 से शिकस्त दी। इस शानदार जीत के बाद अब सेमीफाइनल में उनका सामना जापान के तीसरे वरीय केंटा निशिमोटो से होगा।

श्रीकांत ने दिखाया दमदार खेल

मैच की शुरुआत में श्रीकांत ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 5-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि चोउ टिएन चेन ने वापसी करते हुए स्कोर 16-16 से बराबर कर लिया। इसके बाद श्रीकांत ने अगले 6 में से 5 अंक अपने नाम कर पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी श्रीकांत का दबदबा बरकरार रहा। इंटरवल तक उन्होंने 11-6 की बढ़त हासिल कर ली और फिर एक के बाद एक अंक लेकर 19-7 की निर्णायक बढ़त बनाई। अंत में उन्होंने दूसरा गेम और मुकाबला अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेमीफाइनल में निशिमोटो से होगी भिड़ंत

अब श्रीकांत का सामना सेमीफाइनल में जापान के केंटा निशिमोटो से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 10 मुकाबले हुए हैं, जिनमें श्रीकांत ने 6 बार जीत दर्ज की है। हालांकि पिछली भिड़ंत में 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप में निशिमोटो ने श्रीकांत को हराया था। ऐसे में इस बार मुकाबला कड़ा और दिलचस्प रहने वाला है।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों का ऐसा रहा प्रदर्शन

इस टूर्नामेंट में एस शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान के निशिमोटो के खिलाफ जोरदार टक्कर दी। हालांकि 79 मिनट चले मुकाबले में शंकर को 15-21, 21-5, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला सिंगल्स में श्रीयांशी वलिसेट्टी का अभियान डेनमार्क की अमाली शुल्ज के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल