1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद टूटे लियोनेल मेसी, फूट-फूटकर रोने का वीडियो हुआ वायरल

FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद टूटे लियोनेल मेसी, फूट-फूटकर रोने का वीडियो हुआ वायरल

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 20, 2026 06:37 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 06:39 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को एक्स्ट्रा टाइम में 1-0 से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। हार के बाद लियोनेल मेसी मैदान पर भावुक होकर रो पड़े।

Lionel Messi- India TV Hindi
लियोनेल मेसी Image Source : AFP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में स्पेन ने अर्जेंटीना को हरा दिया। इस हार के साथ ही अर्जेंटीना का लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया। रविवार (19 जुलाई) को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच एक बहुत ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में तय समय तक कोई गोल नहीं हुआ, जिसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया। एक्स्ट्रा टाइम में स्पेन ने 1-0 से मैच जीतकर दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की।

मैच खत्म होने के बाद फूट-फूटकर रोने लगे मेसी

मैच खत्म होने के बाद मैदान पर बहुत ही भावुक पल आया, जब अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फूट-फूटकर रोने लगे और अपने आंसू नहीं रोक पाए। जैसे ही मैच खत्म होने की आखिरी सीटी बजी, उस वक्त मेसी घुटनों के बल बैठ गए और इस दौरान वह काफी इमोशनल नजर आए। वहीं प्राइज सेरेमनी खत्म होने के बाद वह फूट-फूटकर रोते हुए दिखे। स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों ने मेसी-मेसी का नारा लगाकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया और उनका सम्मान किया। इस दौरान कई फैंस पोस्टर और प्लेकार्ड हाथ में लेकर मेसी को विदाई देते हुए दिखे।

लियोनेल मेसी ने अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड

भले ही अर्जेंटीना की टीम अपनी ट्रॉफी डिफेंड नहीं कर पाई, लेकिन लियोनेल मेसी ने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड बना लिया। वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में तीन फाइनल मैच खेलने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही, 39 साल की उम्र में वह वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी भी बन गए हैं।

अर्जेंटीना के प्लेयर एंजो फर्नांडेज को मिला रेड कार्ड

अर्जेंटीना को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब मैच के तय समय (पहले 90 मिनट) का खेल खत्म होने ही वाला था। उनके मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद रेड कार्ड दिखाया गया। फर्नांडेज के बाहर होने के बाद अब अर्जेंटीना की टीम कमजोर हो गई क्योंकि उन्हें आगे का पूरा मैच 11 के बजाय सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा। स्पेन ने अर्जेंटीना के एक खिलाड़ी कम होने का पूरा फायदा उठाया और उन पर लगातार अटैक किया। आखिर में स्पेन के खिलाड़ी फेरान टोरेस ने एक शानदार गोल दागकर अपनी टीम को मैच जिता दिया।

यह भी पढ़ें:

एम्बाप्पे ने रचा इतिहास, FIFA वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी बार जीता गोल्डन बूट, उनाई सिमोन को मिला गोल्डन ग्लव

स्पेन ने 16 साल बाद जीता फीफा वर्ल्ड कप का खिताब, फेरान टोरेस के गोल से अर्जेंटीना का सपना चकनाचूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल