1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे एचएस प्रणय, आयुष शेट्टी और थारुण मन्नेपल्ली

ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे एचएस प्रणय, आयुष शेट्टी और थारुण मन्नेपल्ली

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 19, 2025 11:16 am IST,  Updated : Nov 19, 2025 11:16 am IST

ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेन्स सिंगल्स में भारतीय शटलर एचएस प्रणय, आयुष शेट्टी और थारुण मन्नेपल्ली ने जीत से आगाज किया।

HS Pranoy- India TV Hindi
एचएस प्रणय Image Source : PTI

भारत के एचएस प्रणय, आयुष शेट्टी और थारुण मन्नेपल्ली ने शानदार शुरुआत करते हुए 19 नवंबर को सिडनी में 475,000 डॉलर इनामी ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेन्स सिंगल्स के दूसरे दौर में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता में 2023 के उपविजेता प्रणय ने खराब शुरुआत से उबरते हुए पहले दौर के मैच में दुनिया के 85वें नंबर के खिलाड़ी योहानेस सौत मार्सेलिनो को 57 मिनट में 6-21, 21-12, 21-17 से हराया। वह अगले दौर में इंडोनेशिया के आठवें वरीय अल्वी फरहान से भिड़ेंगे। 

आयुष ने कनाडा के सैम युआन को हराया

दुनिया के 32वें नंबर के खिलाड़ी और इस वर्ष की शुरुआत में अमेरिकी ओपन में अपना पहला सुपर 300 खिताब जीतने वाले आयुष ने कनाडा के सैम युआन को 33 मिनट में 21-11, 21-15 से पराजित किया। कर्नाटक के इस 20 साल खिलाड़ी का सामना दूसरे दौर में जापान के चौथे वरीय कोडाई नाराओका और कनाडा के शियाडोंग शेंग के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। 

मन्नेपल्ली का अगला मुकाबला लिन चुन-यी से

मकाऊ ओपन के सेमीफाइनलिस्ट मन्नेपल्ली ने डेनमार्क के मैग्नस योहानसन को 66 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 17-21, 21-19 से हराया। नेशनल गेम्स 2023 के गोल्ड मेडल विजेता मन्नेपल्ली का अगला मुकाबला चीनी ताइपे के पांचवें वरीय लिन चुन-यी से होगा। इस बीच किरण जॉर्ज को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद जापान के छठी वरीयता प्राप्त केंटा निशिमोतो से 21-11, 22-24, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। निशिमोतो ने पिछले सप्ताह जापान मास्टर्स के सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन को हराया था।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल