iPhone File Sharing With Pixel 10: आईफोन और एंड्रॉइड के बीच फोटो या फाइल शेयरिंग करना हमेशा से बहुत जटिल रहा है। चाहे आप ब्लूटूथ के जरिए इसे करते हों या थर्ड पार्टी ऐप के जरिए इसे करते हों, अगर इन तरीकों से थक जाएं तो आप ई-मेल का रास्ता अपनाते हैं लेकिन अब गूगल इन सब तरीकों को खत्म करने का तरीका लेकर आया है। ताजा अपडेट ये है कि अब गूगल पिक्सेल 10 के जरिए कोई भी पास में मौजूद आईफोन, आईपैड और मैक को फाइल शेयर कर सकता है और इसके लिए केवल एयर-ड्रॉप की जरूरत होगी। इसके साथ ही एप्पल डिवाइस भी गूगल पिक्सेल को समान तरीके से फाइलें शेयर करने में सक्षम होंगी। ना तो किसी खास सेटअप की जरूरत पड़ेगी, ना किसी खास ऐप की और ना ही किसी स्पेशल सिस्टम की जरूरत पड़ेगी।
किस तरह हो सकेंगी फाइल शेयर
गूगल ने 20 नवंबर को इस बदलाव का एलान किया है और इसके तहत बताया है कि अगर पिक्सेल 10 आसपास है, तो एक आईफोन जिसमें एयरड्रॉप फैसिलिटी हो उसके क्विक शेयर मेन्यू में "Everyone for 10 minutes" सुविधा के जरिए फाइल शेयर की जा सकती हैं। इसके लिए डिवाइस को टैप करना होगा और फाइलें सीधा उसी तरह शेयर हो जाएंगी जिस तरह किसी अन्य एंड्राइड फोन में भेजी जाती हैं। ये सुविधा आईफोन के साथ भी उसी तरह काम करती हैं जैसे कि एयरड्रॉप में पिक्सेल 10 एक टारगेट की तरह दिखता है और आईफोन यूजर्स इसके जरिए पिक्सेल 10 में फाइल शेयर कर सकते हैं। इस तरह फाइल ट्रांसफर दोनों तरफ से हो सकता है और शुरुआती यूजर्स ने जो एक्सपीरिएंस बताया है, उसके मुताबिक ये काम एकदम इंस्टेंट यानी तुरंत हो जा रहा है।
गूगल बढ़ाएगी इस फीचर का दायरा
फिलहाल ये फीचर केवल गूगल पिक्सेल 10 सीरीज के लिए ही है लेकिन गूगल का कहना है कि इस सुविधा को और ज्यादा एंड्रॉइड डिवाइसेज तक पहुंचाने और इस एक्सपीरिएंस और बेहतर करने की दिशा में काम कर रहा है। गूगल ने ये भी कहा है कि सिक्योरिटी पर इससे कोई आंच नहीं आएगी। एप्पल का सिस्टम प्रोटेक्टेड शेयरिंग चैनल का इस्तेमाल करता है और किसी डिवाइस से फाइल स्वीकार करने से पहले आमतौर पर आने वाले पॉपअप आते हैं। तो अगर आप पहले से एयरड्रॉप या क्विक शेयर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इससे आपके प्राइवेसी मॉडल पर कोई असर नहीं आएगा।
यह भी पढ़ें
भारत में कब लॉन्च होगा Nothing Phone 4a, BIS वेबसाइट पर लिस्टिंग से मिला ये इशारा