1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बदायूं में हत्या से हड़कंप, गंगा एक्सप्रेस-वे के पास बदमाशों ने 55 साल के व्यक्ति को गोलियों से भूना

बदायूं में हत्या से हड़कंप, गंगा एक्सप्रेस-वे के पास बदमाशों ने 55 साल के व्यक्ति को गोलियों से भूना

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 18, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 02:50 pm IST

उत्तर प्रदेश के बदांयू में 55 साल के व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास इस हत्या को अंजाम दिया।

Shot dead in Badaun - India TV Hindi
बदायूं में गोली मारकर हत्या Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के बदांयू से हत्या की खबर सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास 55 साल के व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के आरोपियों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने 18 जून को यह जानकारी दी।

गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास मारी गोली

यह वारदात 17 जून की रात वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास स्थित बनकोटा स्टैंड के करीब हुई। मृतक की पहचान 55 साल के दिलीप यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलीप अपनी मोटरसाइकिल का टायर ठीक कराने के लिए सड़क किनारे रुके थे, तभी घात लगाए हमलावर वहां पहुंच गए।

PTI के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे बदायूं की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और बिना किसी बातचीत के दिलीप यादव पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दिलीप को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार को किसी रंजिश की जानकारी नहीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हृदयेश कठेरिया ने घटनास्थल और मृतक के गांव का दौरा कर पुलिस टीमों को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को रेलवे बोर्ड से मिली हरी झंडी, सेक्टर-51 से किसान चौक तक बनेंगे 5 स्टेशन; देखें पूरा प्लान

यूपी के बैंक लॉकर से गायब हुए सोने के 96 पैकेट, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप; 3 कर्मचारियों पर FIR

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।