1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: रील बनाने के चक्कर में 20 साल के लड़के का सिर हुआ धड़ से अलग

यूपी: रील बनाने के चक्कर में 20 साल के लड़के का सिर हुआ धड़ से अलग

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 19, 2024 05:12 pm IST,  Updated : Oct 28, 2024 05:31 pm IST

यूपी के आगरा में रील बनाने के चक्कर में एक 20 साल के लड़के की मौत हो गई है। लड़के की पहचान भी हो गई है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

agra news- India TV Hindi
रील बनाने के चक्कर में एक 20 साल के लड़के की मौत Image Source : INDIA TV

आगरा: यूपी के आगरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़के की रील बनाने के चक्कर में दर्दनाक मौत हो गई है। लड़के की उम्र महज 20 साल थी। एक लड़का हंसते-खेलते समय अचानक मौत के आगोश में समा गया।

क्या है पूरा मामला?

आगरा में रील बनाने के चक्कर में नमक की मंडी स्थित जोहरी प्लाजा, सर्राफा बाजार में एक दर्दनाक हादसा हो गया। लड़के की गर्दन धड़ से अलग हो गई। वह स्लो मोशन में रील बना रहा था। लड़का रील बनाते समय जाल को उठा रहा होता है, तभी अचानक उसका पैर फिसलता है और वह जाल सीधी उसकी गर्दन पर गिरता है।

जाल लड़के की गर्दन पर गिरने से वह धड़ से अलग हो गई और लड़के की मौके पर ही मौत हो गई। लड़के की पहचान 20 साल के आसिफ के रूप में हुई। वह आगरा के अब्बास नगर, ताजगंज का रहने वाला था और आगरा की चांदी मार्केट नमक की मंडी स्थित जोहरी कॉम्पलैक्स में काम करता था।

मृत लड़के के परिजन मीडिया से बात नहीं कर रहे हैं और उन्होंने लड़के के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया है। परिजनों की तरफ से पुलिस को भी कोई शिकायत नहीं दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक,  घटना के फौरन बाद लड़के को हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां से परिजन उसके शव को घर ले गए और फिर बिना पोस्टमार्टम करवाए दफना दिया।

लखीमपुर में भी रील की वजह से हुई थी मौत

यूपी के लखीमपुर-खीरी में भी सितंबर 2024 में एक चौंकाने वाली घटना हुई थी। यहां एक परिवार रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रील बना रहा था। इसी दौरान एक ट्रेन की चपेट में आने से पूरे परिवार की मौत हो गई थी। मरने वालों में पति-पत्नी और एक 2 साल का बेटा था।

लखीमपुर में ट्रेन की चपेट में आने से 1 बच्चे समेत पति-पत्नी की मौत हो गई थी। रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर ये लोग रील बना रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से ये हादसा हुआ। मामला खीरी थाना क्षेत्र के ओयल रेलवे स्टेशन के पास का था। जैसे ही इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई। बुधवार को ओयल स्टेशन के पास निकली बड़ी नहर पर सुबह लखनऊ से पीलीभीत जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से ये हादसा हुआ था।

सीतापुर के लहरपुर के मोहल्ला शेख सराय के रहने वाले दंपति रील बना रहे थे। बच्चे को गोद में लेकर पति-पत्नी रेलवे पुल के पास रील बना रहे थे। ओयल चौकी क्षेत्र में करीब 9:30 बजे ट्रेन की चपेट में आकर मोहम्मद अहमद(30), पत्नी नाजमीन (24) और उनके 2 साल के बेटे आरकम की मौत हो गई थी। (इनपुट: आगरा से अंकुर कुमड़िया की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।