1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आकाश आनंद के ससुर ने मायावती से मांगी माफी, लिखा- 'आगे से नहीं होगी गलती'

आकाश आनंद के ससुर ने मायावती से मांगी माफी, लिखा- 'आगे से नहीं होगी गलती'

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 06, 2025 02:49 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 04:12 pm IST

आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने बसपा प्रमुख से माफी मांग ली है। अशोक सिद्धार्थ ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए मायावती से माफी मांगी है। इसके साथ ही उन्होंने मायावती से खुद को पार्टी में वापस लेने का आग्रह भी किया है।

आकाश आनंद के ससुर ने मायावती से मांगी माफी।- India TV Hindi
आकाश आनंद के ससुर ने मायावती से मांगी माफी। Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने अब सभी विवाद खत्म करते हुए बसपा प्रमुख से माफी मांग ली है। बता दें कि मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को पिछले दिनों पार्टी से निकाल दिया था। अपनी पोस्ट में अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि मैं हाथ जोड़कर उनसे अनुरोध कर रहा हूं कि वह मुझे माफ कर दें। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे से कभी भी ऐसी गलती नहीं करने की भी बात कही। अशोक सिद्धार्थ ने किसी के लिए सिफारिश नहीं करने का भी वादा किया। आखिर में उन्होंने मायावती से खुद को माफ करते हुए पार्टी में वापस लेने का आग्रह किया। 

अशोक सिद्धार्थ ने की पोस्ट

अशोक सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि आगे अब गलती नहीं होगी। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं अशोक सिद्धार्थ बी.एस.पी. पूर्व सांसद निवासी जिला फर्रुखाबाद बी.एस.पी. की राष्ट्रीय अध्यक्ष व यू.पी. की चार बार रहीं मुख्यमंत्री एवं कई बार लोकसभा व राज्यसभा की रहीं सांसद बहन मायावती जी का हृदय से सम्मान एवं चरण स्पर्श करता हूं और मुझसे पार्टी का कार्य करने के दौरान "जाने व अनजाने" में तथा गलत लोगों के बहकावे में आकर जो भी गलतियां हुई हैं। तो उसके लिए मैं बहन जी से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। जिन्होंने अनेकों कष्ट झेलकर, अपनी पूरी जिन्दगी, इस देश के करोड़ों दलितों एवं अन्य उपेक्षित वर्गों के हित व कल्याण के लिए समर्पित की है।

पार्टी में वापस लेने का किया आग्रह

अशोक सिद्धार्थ ने आगे कहा, "आदरणीय बहन जी से मैं हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूं कि वे मुझे माफ कर दें, आगे मैं कभी भी गलती नहीं करूंगा और पार्टी के अनुशासन में ही रहकर, उनके मार्ग-दर्शन एवं दिशा-निर्देश में ही कार्य करूंगा। साथ ही मैं रिश्तेदारी आदि का भी कोई नाजायज फायदा नहीं उठाऊंगा। यहां मैं यह भी स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि खासकर संदीप ताजने बी.एस.पी. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महाराष्ट्र व हेमन्त प्रताप, निवासी जिला फिरोजाबाद तथा यू.पी. के अन्य जिन भी गलत लोगों को पार्टी से निकाला गया है तो मैं उनको वापिस लेने के लिए कभी भी सिफारिश नहीं करूंगा। यह भी मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं। अन्त में अब मैं पुनः आदरणीय बहन जी से अपनी सभी छोटी-बड़ी गलतियों की माफी मांगते हुए उनसे पार्टी में वापिस लेने के लिए विशेष आग्रह करता हूं। बहन जी की अति कृपा होगी।"

अशोक सिद्धार्थ की पोस्ट।
Image Source : FB/ASHOKSIDDHARTHअशोक सिद्धार्थ की पोस्ट।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।