1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ताजमहल के गुंबद पर पेड़ उगने के मामले ने पकड़ा तूल, अखिलेश यादव ने सरकार पर खड़े किए कई सवाल, ASI का आया बयान

ताजमहल के गुंबद पर पेड़ उगने के मामले ने पकड़ा तूल, अखिलेश यादव ने सरकार पर खड़े किए कई सवाल, ASI का आया बयान

 Published : Sep 19, 2024 05:42 pm IST,  Updated : Sep 20, 2024 08:37 am IST

आगरा में ताजमहल की मुख्य गुंबद पर पेड़ उगाने का मामला सामने आया है। ताज की मुख्य गम्मट पर पेड़ उगाने से इस ऐतिहासिक इमारत के संरक्षण और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ताजमहल की दीवारों पर उगा पेड़- India TV Hindi
ताजमहल की दीवारों पर उगा पेड़ Image Source : INDIA TV

आगराः ताजमहल की दीवारों पर पेड़ उगने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ताजमहल की मुख्य गुंबद पर पेड़ उगाने से इस ऐतिहासिक इमारत के संरक्षण और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह लापरवाही न केवल ताजमहल की सौंदर्यात्मक महत्ता को खतरे में डाल रही है, बल्कि संरक्षण और रखरखाव के प्रति विभाग की लापरवाही को भी उजागर कर रही हैं। गुंबद पर पेड़ उगने से न केवल स्मारक की संरचना पर असर पड़ सकता है, बल्कि इससे ताजमहल की सौंदर्यता भी प्रभावित हो रही है। 

विशेषज्ञों और इतिहासकारों ने की भारतीय पुरातत्व विभाग की आलोचना 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं नियमित निगरानी और उचित रखरखाव की कमी को दर्शाती हैं। विशेषज्ञों और इतिहासकारों ने भी भारतीय पुरातत्व विभाग की आलोचना की है और इसे ताजमहल जैसे ऐतिहासिक स्मारक के लिए एक गंभीर खतरा बताया है। उनका कहना है कि ताजमहल का उचित संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और सुधारात्मक उपाय जरूरी हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पुरातत्व विभाग को ताजमहल के संरक्षण के लिए विशेष ध्यान और संसाधन उपलब्ध कराने चाहिये। 

 भारतीय पुरातत्व विभाग का सामने आया बयान

 भारतीय पुरातत्व विभाग (ASI) के अधीक्षक राजकुमार पटेल ने इस संबंध में कहा कि सभी स्मारकों में पेड़ उगने की घटना देखने को मिलती हैं। जरुरी होता है कि जब पत्तियां निकलने लगे तो उसे निकाल लिया जाए। अगर पौधे बढ़ेंगे तो उनकी जड़े दीवार के अंदर तक जाएंगी इससे नुकसान हो सकता है। इसलिए हम 8-10 में उन्हें निकालते रहते हैं। 

अधिकारियों ने दिया ये जवाब

गुंबद पर पेड़ के उगने की जानकारी मिलने के बाद जब ताजमहल के रखरखाव से जुड़े अधिकारियों से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उनका जवाब असंतोषजनक था। उनका कहना था कि वे इस मुद्दे की जांच कर रहे हैं और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

विपक्ष भी सरकार को इस मुद्दे पर घेर रहा है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी अपने एक हैंडल पर तक की देखभाल को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा किल विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करने वाले अजूबे ‘ताजमहल‘ के रख-रखाव को लेकर भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम हैं। इससे मुख्य गुंबद पर लगे कलश की धातु में ज़ंग लगने की आशंका है। ⁠मुख्य गुंबद से पानी टपक रहा है।

⁠गुंबद में पेड़ उग आने का समाचार सुर्ख़ियों में है। इन जैसे पेड़ों की जड़े अगर विकसित हुईं तो ताजमहल में दरारें आ सकती हैं। ⁠ताजमहल का परिसर बंदरों के लिए अभयारण्य बन गया है। ⁠ताजमहल परिसर में जलभराव की समस्या है। ⁠पर्यटकों की परेशानी ये है कि वो ताजमहल निहारें या समस्याओं से निपटें। सवाल ये है कि ताजमहल के रख-रखाव के लिए जो करोड़ों का फ़ंड आता है, वो कहां जाता है?

रिपोर्ट- अंकुर कुमड़िया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।