AN-32 Aircraft Crash: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायु सेना के सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, जिनकी उम्र 31 वर्ष थी, जो हाल ही में असम के जोरहाट में तैनात थे, आज (शनिवार को) विमान दुर्घटना में शहीद हो गए। जितेंद्र शर्मा के घर के लोग उनकी शादी की तैयारियों में लगे थे। हाल में जितेंद्र शर्मा घरवालों के साथ बीते 5 जून को लड़की देखने गए थे।
जोरहाट विमान हादसे में 5 जवान शहीद
बता दें कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब सुबह करीब 10 बजे इंडियन एयरफोर्स का एएन-32 विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में जितेंद्र शर्मा सहित 5 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी।
2014 में वायु सेना में भर्ती हुए थे जितेंद्र शर्मा
जान लें कि जितेंद्र शर्मा ने वायु सेना में 2014 में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। जितेंद्र शर्मा, अलीगढ़ के सालपुर गांव के रहने वाले थे और करीब 12 साल पहले अपने पिता को खो चुके थे। उनके पीछे उनकी मां और दो बड़े भाई रमाकांत व भूपेंद्र हैं, जिन्होंने जितेंद्र को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जितेंद्र शर्मा के घर चल रही थी उनकी शादी की तैयारी
परिवार के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं है। जितेंद्र शर्मा की शादी की बात चल रही थी और रिश्ता फाइनल करने की तैयारी हो रही थी। वे हाल ही में छुट्टियां लेकर गांव आए थे और 5 जून को अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। उनकी शहादत की खबर ने परिवार और पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
बागपत के फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत सिंह तोमर भी शहीद
इस घटना में यूपी के बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के कंडेरा गांव के फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत सिंह तोमर भी शहीद हो गए। जैसे ही उनके बलिदान की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
6 साल पहले भारतीय वायु सेना में बने थे पायलट
परिजनों के मुताबिक, प्रशांत सिंह तोमर करीब 6 साल पहले भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में चयनित हुए थे। अपनी लगन, अनुशासन और देश सेवा के संकल्प के बल पर प्रशांत सिंह तोमर ने कम वक्त में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
प्रशांत सिंह के पिता हैं सेना से रिटायर
प्रशांत के ताऊ प्रमोद तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी दोपहर में मिली थी। प्रशांत के पिता उमेश तोमर, सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में देहरादून के सैलाकुई क्षेत्र में रहकर व्यवसाय करते हैं।
देहरादून में रहकर प्रशांत ने की थी पढ़ाई
परिजनों के अनुसार, प्रशांत ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा का अधिकांश समय पिता के साथ देहरादून में रहकर पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में पायलट के रूप में सेवा शुरू की। परिवार में वह दो भाई-बहनों में से एक थे। करीब दो साल पहले प्रशांत सिंह तोमर का विवाह दिल्ली की रहने वाली ऐश्वर्या के साथ हुआ था।
(इनपुट- प्रदीप, पारस जैन)
ये भी पढ़ें- असम में इंडियन एयरफोर्स का एयरक्राफ्ट क्रैश, 5 जवान शहीद, को-पायलट की बची जान, इलाज जारी