1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिला ने प्रेमी को मिलने बुलाया और फेंक दिया तेजाब, बोली- 12 साल से ब्लैकमेल कर रहा था

महिला ने प्रेमी को मिलने बुलाया और फेंक दिया तेजाब, बोली- 12 साल से ब्लैकमेल कर रहा था

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 06, 2024 06:44 am IST,  Updated : Oct 06, 2024 07:24 am IST

घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया है। पुलिस जिसकी तलाश कर रही है। महिला का नाम वर्षा है जबकि युवक का नाम विवेक है। बताया जा रहा है कि युवक और महिला की पिछले 12 साल से संबंध थे।

Acid Attack- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवक पर तेजाब फेंके जाने का मामला सामने आया है। यह तेजाब उसकी प्रेमिका ने भी फेंका है। प्रेमिका ने आरोप लगाया कि उसका प्रेमी उसे 12 साल से ब्लैकमेल कर रहा था। इसलिए उसने यह कदम उठाया। अब तक आपने किसी लड़के द्वारा लड़की पर तेजाब फेंकने की घटनाएं बहुत सुनी होंगी। इस घटना में महिला ने युवक के ऊपर तेजाब फेंक दिया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार युवती ने अपने प्रेमी को रेस्टोरेंट में मिलने के लिए बुलाया था। दोनों एक टेबल पर बैठ बातचीत कर रहे थे कि अचानक महिला ने बैग से तेजाब भरी बोतल निकाली और लड़के पर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में युवक के साथ एक रेस्टोरेंट का कर्मचारी भी झुलस गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए ले गई है। 

युवक मौके से फरार

घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया है। पुलिस जिसकी तलाश कर रही है। महिला का नाम वर्षा है जबकि युवक का नाम विवेक है। बताया जा रहा है कि युवक और महिला की पिछले 12 साल से संबंध थे। पुलिस अब मामले में जांच कर रही है। 

होटल मालिक का बयान

रेस्टोरेंट के मालिक दीपक गर्ग ने बताया कि सुबह का समय था। लगभग 11:30 लड़की आई थी, तब तक सफाई भी नहीं हो पाई थी। "मैंने उसको बाहर बैठने के लिए कहा। वह बोली कि मुझे अंदर बैठने दो। थोड़ी देर बाद लड़का भी आ गया और हमारे घर से नाश्ता भी आ गया तो हम दोनों मेरे दोस्त के साथ में नाश्ता करने लगे। इतनी देर में वेटर आया और बोला कि यह क्या हो गया। मैंने देखा तो मुझे पहले समझ नहीं आया कि काला-काला क्या पड़ा हुआ था और लड़का कह रहा था कि यह क्या कर दिया। लड़की ने बताया कि मैंने इसके ऊपर तेजाब डाला है। यह मुझे 12 साल से ब्लैकमेल कर रहा था। लड़के ने कहा कि मैं पुलिस को बुला रहा हूं तो लड़की ने कहा कि मैं खुद पुलिस को बुला रही हूं। लड़की अपने साथ स्टील का ग्लास लाई थी। एक बोतल और बैग मोबाइल उसका यहीं पर है। उसके बैग में बचा हुआ तेजाब भी है।

पुलिस का बयान

एएसपी वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सामने आ रहा है कि एक महिला जिसका नाम वर्षा है उसने अपने मित्र विवेक जो की मौके से फरार है उनके ऊपर तेजाब डाला है और कुछ छींट वर्षा के शरीर पर भी आई है। इसके लिए उनको मेडिकल सुविधा दी जा रही है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर प्राप्त होते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सेंटर पॉइंट पर एक रेस्टोरेंट के अंदर हुई है। घटना का कारण अभी तक नहीं पता पड़ा है, क्योंकि उनकी आपसी जान पहचान भी है। और वर्षा चीखी भी है। जब उन्होंने तेजाब डाला है। माना यह जा रहा है कि आपसी मतभेद होने के कारण यह घटना की गई है। महिला शादीशुदा है। घटना काफी संगीन है और हम किसी कंक्लुजन पर जल्दी बाजी ना करें। दोनों पक्ष मिल जाए। महिला से बातचीत करने बाद में मीडिया को बताया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज भी लिए जा रहे हैं। लड़के को उसकी बाइक के नंबर के आधार पर व फोन नंबर से ट्रेस किया जा रहा है।

(अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।