नोएडाः दीनदयाल जी की जयन्ति पर ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी शुरू हुआ। शो का उद्घाटन होम मिनिस्टर अमित शाह ने किया। योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के तमाम मंत्री भी मौजूद थे। इस दौरान अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के बीच जो ट्यूनिंग देखने को मिली, जो पर्सनल केमिस्ट्री दिखाई दी। उससे उन लोगों के दिलों में जरूर आग लगी होगी, जो अमित शाह और योगी के बीच अनबन की अफवाहें फैलाते थे। योगी ने बहुत सोच-समझ कर अमित शाह के हाथों ट्रेड शो का उद्घाटन करवाया। अमित शाह को मुख्य अतिथि बनाया। अमित शाह भी तय वक्त पर पहुंच गए। योगी उनके स्वागत के लिए पहले से मौजूद थे। दोनों नेताओं ने एक साथ गोल्फ कार्ट में बैठकर ट्रेड शो को देखा।
अमित शाह ने सीएम योगी की खुलकर तारीफ की
सीएम योगी ने ट्रेड शो में लगे यूपी के प्रोडक्ट्स के स्टॉल्स पर अमित शाह को घुमाया। एक एक प्रोडक्ट के बारे में डिटेल में जानकारी दी। बताया कि अब यूपी की 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' की योजना असर दिखा रही है। दो लाख करोड़ का निर्यात यूपी से हो रहा है। इसके बाद मंच पर भी दोनों नेता एक दूसरे से बात करते नजर आए। इसके बाद अमित शाह ने ट्रेड शो में आए इंटरनेशनल बायर्स को संबोधित किया। सीएम योगी की खुले मन से तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ स्टेप बाय स्टेप आगे बढ़ रहे हैं। खूब मेहनत कर रहे हैं। सीएम योगी ने यूपी की इमेज को इंटरनेशनल लेवल पर चमका दिया है। अब वो दिन दूर नहीं है जब यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बन जाएगा।
इसके बाद अमित शाह ने कहा कि यूपी में बदलाव आसान नहीं था लेकिन योगी ने अपनी दृढ़ संकल्प शक्ति से सारी चुनौतियों को पार किया। वरना एक वक्त था जब इन्वेस्टर यूपी के बॉर्डर तक भी आने में डरते थे। यूपी की सरकार को इन्वेस्टर्स से बात करने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था लेकिन योगी आदित्यनाथ ने पूरा एनवायरमेंट चेंज कर दिया है। अमित शाह ने कहा कि यूपी से माफिया को नेस्तनाबूद कर दिया है। अपराधियों के खिलाफ एक्शन लेकर आम लोगों में सरकार और कानून के प्रति भरोसा पैदा किया। इसीलिए अब पूरी दुनिया से इन्वेस्टर्स यूपी में आ रहे हैं।
अमित शाह ने अखिलेश और राहुल गांधी पर साधा निशाना
अमित शाह ने इसके बाद बिना नाम लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग इकोनॉमी को लेकर सवाल खड़े करते हैं। इन्वेस्टर्स को डराने की कोशिश करते हैं। ऐसे विकास विरोधियों को दुनिया की तमाम एजेंसियों की रेटिंग देखनी चाहिए। 2017 से पहले यूपी का क्या हाल था और अब कैसा माहौल है। ये देखना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि जो लोग आज योगी से सवाल पूछते हैं। उनके राज में यूपी के अंदर कारखानों की जगह क्राइम इंडस्ट्री चलती थी। नौजवान कट्टा लेकर घूमते थे। यूपी चेन स्नैचिंग का हब था लेकिन अब योगी ने सब बदल दिया है। अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। AK-47 बन रही है। यूपी देश की ग्रोथ का इंजन बन गया है। इसके लिए सीएम योगी बधाई के पात्र हैं।
सीएम योगी ने भी अमित शाह की जमकर तारीफ की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यूपी के विकास में अमित शाह के योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज यूपी के प्रोडक्ट्स दुनिया के सौ से ज्यादा देशों में जा रहे हैं। इसमें वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट स्कीम का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने स्कीम की तारीफ की और कहा इस स्कीम का आइडिया अमित शाह ने ही दिया था। उन्होंने कहा कि यूपी में जब निराशा का दौर था तब अमित शाह ने उम्मीद की किरण जगाई और आज उसी का नतीजा है कि यूपी में इतना बड़ा ट्रेड शो हो रहा है। दुनियाभर के बायर्स आ रहे हैं।
सीएम योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना
इसके बाद योगी ने पिछली सरकारों को आडे़ हाथ लिया। सीएम योगी ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के दौर में विदेशी प्रोडक्ट्स का चलन बढ़ा। भारत के कारीगर और प्रोडक्ट्स को दोयम दर्जे का साबित किया गया। ये बात समझ आती है लेकिन आजादी के बाद भी सरकारों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। यूपी के जो छोटे छोटे कारीगर थे। उन्हें अपना ट्रेडिश्नल काम बंद करना पड़ा। विदेशी कंपनियां पैसा कमाती रहीं लेकिन अब ऐसा नहीं है। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने हर कारीगर के हुनर को पहचाना। उसे सम्मान दिया। काम दिया। माल बेचने के लिए नेशनल और इंटरनेशनल मार्केट उपलब्ध कराया है। अब लोगों के पास ना काम की कमी है, ना ग्राहकों की।
मनमुटाव की अटकलों पर लगाया विराम
आज अमित शाह ने यूपी की पॉलिटिक्स की दशा और दिशा बदलने का काम किया। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक..योगी के बारे में जो अटकलें लगाई जा रही थीं। उनको एक झटके में ख़त्म कर दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ के जो विरोधी कहते थे कि अमित शाह योगी को गिराने में लगे हैं, उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अमित शाह ने योगी के बारे में जो जो कहा उससे साफ़ मैसेज गया कि अमित शाह की योगी को फुल सपोर्ट है। यूपी का चुनाव दोनों नेता मिलकर लड़ेंगे। ये नहीं भूलना चाहिए कि अमित शाह ने 2014 के चुनाव में पहली बार यूपी की कमान संभाली थी और 80 में से 73 सीटें जीतकर अपनी छाप छोड़ी थी। ये अमित शाह के राजनीतिक करियर का टर्निंग प्वाइंट था।
ये भी पढ़ेंः यूपी में 3 दिन तक होगी भारी बारिश, CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लोगों से भी की खास अपील