1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अवैध मदरसे के शौचालय में एक साथ मिलीं 40 नाबालिग लड़कियां, बंद करने का आदेश

अवैध मदरसे के शौचालय में एक साथ मिलीं 40 नाबालिग लड़कियां, बंद करने का आदेश

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 25, 2025 02:55 pm IST,  Updated : Sep 25, 2025 02:58 pm IST

बहराइच में एक तीन मंजिला इमारत में संचालित कथित अवैध मदरसे में निरीक्षण के दौरान उसके शौचालय में 40 नाबालिग बच्चियां संदिग्ध हालात में बंद पाई गईं।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की पयागपुर तहसील में एक तीन मंजिला इमारत में संचालित हो रहे एक कथित अवैध मदरसे में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। निरीक्षण के दौरान मदरसे के शौचालय में 9 से 14 साल की 40 नाबालिग लड़कियां संदिग्ध हालत में बंद मिलीं। इस घटना के बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने तत्काल मदरसे को बंद करने और लड़कियों को उनके घर सुरक्षित पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

छत पर बने शौचालय का दरवाजा बंद मिला

पयागपुर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अश्विनी कुमार पांडे ने गुरुवार को बताया कि पहलवारा गांव में एक अवैध मदरसे की शिकायत मिलने पर वह अपनी टीम के साथ बुधवार को जांच करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मदरसे के संचालकों ने पहले तो उन्हें अंदर जाने से रोका। जब पुलिस बल की मदद से टीम अंदर गई, तो छत पर बने शौचालय का दरवाजा बंद मिला। महिला पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खुलवाया तो एक-एक कर 40 लड़कियां बाहर आईं। सभी सहमी हुई थीं और डर के मारे कुछ बता नहीं पा रही थीं।

डरकर शौचालय में छिपने का दावा

जब इस बारे में मदरसे की शिक्षिका तकसीम फातिमा से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि अचानक हुए निरीक्षण से मची अफरा-तफरी के कारण लड़कियां डरकर खुद ही शौचालय में छिप गई थीं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि फिलहाल मदरसे के अभिलेखों की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने मदरसे के प्रबंधन को बच्चियों को उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि अभी तक किसी भी बच्ची के अभिभावक, एसडीएम या अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर कोई शिकायत मिलती है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

20,000 की रिश्वत लेते पकड़े गए इंजीनियर साहब, घर में पड़े छापे तो निकले नोटों के बंडल ही बंडल

लद्दाख में हुई हिंसा के बाद फारूक अब्दुल्ला का बयान, "चीन घात लगाए बैठा है, सरकार को बातचीत करनी चाहिए"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।