Bareilly Self Immolation: यूपी के बरेली में हैरान करने वाली घटना हुई है। दरअसल, बरेली में थाना गेट पर डिलीवरी बॉय ने खुद को आग लगा ली। उसने थाना गेट पर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर देर रात आत्मदाह का प्रयास किया। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवक को अपनी बाइक के लिए काटने पड़े थे चक्कर
पीड़ित का आरोप है कि उसकी बाइक नहीं मिली। उसको कई बार थाने के चक्कर काटने पड़े थे और इसकी वजह से वह परेशान हो गया। वह एक डिलीवरी बॉय है और उसका बाइक के बिना काम चल ही नहीं सकता है।
चोर ने बाइक से किया था एक्सीडेंट
पीड़ित युवक का कहना है कि एक लड़का उसकी गाड़ी चुराकर भागा था जब वह ऑर्डर डिलीवर करने गया था। उस गाड़ी से चोर ने एक्सीडेंट कर दिया था। हालांकि, अब इस मामले में चोटिल पक्ष की तरफ से केस वापस भी हो गया है, इसके बावजूद मेरी गाड़ी को थाने से छोड़ा नहीं जा रहा था। मुझे बार-बार थाने के चक्कर लगवाए जा रहे थे।
आग में बुरी तरह झुलसा पेट पीठ और चेहरा
पुलिस के मुताबिक, बाइक बारादरी थाना में ही खड़ी है। एक्सीडेंट केस के चलते बाइक रिलीज में देरी हो रही थी। आग से युवक का पेट, पीठ, चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। बाइक न मिलने से उसका काम ठप था। उसने बड़ी परेशानी में आत्मघाती कदम उठाया।
SP सिटी ने दिया एक्शन का आश्वासन
इस मामले में SP सिटी मानुष पारीक ने कहा, 'थाना बारादरी गेट पर एक शख्स ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। इस संबंध में बारादरी पुलिस की तरफ से तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग बुझाकर तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की हालत खतरे से बाहर है और जिस भी पुलिसकर्मी की ये लापरवाही होगी उसपर कार्रवाई होगी।
(इनपुट- विकास साहनी)
ये भी पढ़ें- लखनऊ मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा, पिता की दूसरी शादी की बात से नाराज था अक्षत, हत्या करने के बाद खाया नॉनवेज