1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

बरेली में दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 13, 2026 09:34 am IST,  Updated : Aug 13, 2026 09:34 am IST

बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी विमलेश कुमार की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।

Bareily- India TV Hindi
दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ Image Source : REPORTER INPUT

बरेली में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। नवाबगंज थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, नवाबगंज थाने में 10 अगस्त को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में पंडरी गांव, बरौर के पास रहने वाले 27 साल के विमलेश कुमार को नामजद किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने बकरी के लिए चारा लेने गई नाबालिग को गन्ने के खेत में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 12 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्रेम डेम के पास मौजूद है और वहां से निकलने की कोशिश कर रहा है। जानकारी मिलते ही नवाबगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया। उसके पास दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 450 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। गोली लगने के बाद आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस

पुलिस के अनुसार विमलेश कुमार नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 425/26 में वांछित था। उसके खिलाफ BNS की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने ग्रेम डेम के पास घेराबंदी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्ट: विकास साहनी)

यह भी पढ़ें:

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

कानपुर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, गोलीबारी के बीच एक चोर के गोली लगी, 2 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।