1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 11, 2026 04:23 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 04:24 pm IST

नोएडा में असम की एक युवती की हत्या कर दी गई है। वो अपने परिवार को बिना बताए ही कुछ दिन पहले यहां आई थी और पीजी में अपनी सहेली के साथ रह रही थी।

File photo Mehak Ahmed- India TV Hindi
मृतका महक अहमद की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के नोएडा के बरौला गांव स्थित बंसल मंदिर के पास एक पीजी में असम की 19 साल की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती का लहूलुहान शव उसी मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले एक युवक के कमरे से बरामद हुआ। शव पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं। वारदात के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी मूल रूप से बिहार के कटिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी मृतका

मृतका की पहचान महक अहमद के रूप में हुई है। वह मूलरूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी। महक 12वीं पास थी और करीब तीन सप्ताह पहले ही अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। वह अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ बरौला गांव स्थित पीजी में रह रही थी। संजना भी असम की रहने वाली है और उसकी उम्र 18 वर्ष है। वह अभी 12वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी है। 

पीजी में पास ही रहता था आरोपी युवक

पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियां तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर रहती थीं। इसी मंजिल पर बिहार के कटिहार निवासी रमन का कमरा भी था। बताया जा रहा है कि रमन बीटेक कर चुका है और पहले एक आईटी कंपनी में काम करता था। हालांकि मकान में रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बेरोजगार था। पुलिस उसके रोजगार और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। 

पुलिस कर रही है मामले की हर एंगल से जांच

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना अपने कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थीं। इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और उसके बाद क्या हुआ, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस घटनाक्रम को हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है। 9 अगस्त को संजना किसी काम से बाहर चली गई थी, जबकि महक कमरे में ही थी। कुछ समय बाद जब संजना वापस लौटी तो महक कमरे में नहीं मिली। उसने महक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। 

युवक के कमरे के अंदर से मिला लड़की का शव

काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। इसी बीच कुछ घंटे बाद मकान में रहने वाले लोगों को रमन के कमरे से दुर्गंध आने लगी। कमरे पर ताला लगा हुआ था और रमन वहां मौजूद नहीं था। दुर्गंध बढ़ने पर किरायेदारों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी मकान मालिक सार्थक बंसल को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना देने की तैयारी की गई। 10 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे डायल-112 पर मामले की सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का ताला खुलवाकर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे के अंदर महक का शव पड़ा था।

मृतका का मोबाइल फोन भी जांच के लिए भेजा गया

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच की है। मृतका का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और अन्य गतिविधियों से पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले के पीछे चल रहे 10 वाहनों पर FIR

प्रतापगढ़ में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा, 96 सिलेंडर बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।