1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले को लेकर बवाल, पीछे चल रहे 21 वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज

अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले को लेकर बवाल, पीछे चल रहे 21 वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज

 Reported By: Imran Laeek,  Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 11, 2026 02:09 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 08:29 pm IST

प्रयागराज जाते वक्त अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अली अहमद के काफिले में शामिल 21 वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

Atiq Ahmad- India TV Hindi
अतीक के बेटे अली अहमद के काफिले पर FIR Image Source : REPORTER INPUT

प्रयागराज जाते वक्त अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फतेहपुर से गुजरते समय काफिले में शामिल वाहनों के टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर विवाद और अभद्रता का मामला सामने आया है। इस मामले में दो अलग-अलग थानों में कुल 21 वाहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अली अहमद अपने भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहा था। वह पुलिस अभिरक्षा में झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान काफिला फतेहपुर से गुजरा। आरोप है कि काफिले के पीछे चल रहे वाहनों ने जिले के दो अलग-अलग टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ विवाद किया।

कल्यानपुर में 10 वाहनों पर मामला दर्ज

मामले को लेकर कल्यानपुर और खागा में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। बड़ौरी टोल प्लाजा के मैनेजर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कल्यानपुर में 10 वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों में सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और बिना निर्धारित टोल शुल्क दिए वाहनों को आगे निकालने का दबाव बनाया। आरोप यह भी है कि टोल कर्मियों के विरोध करने पर वाहनों को तेज रफ्तार में उनकी ओर बढ़ाया गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों की जान पर खतरा पैदा हो गया।

खागा में 11 वाहनों पर मामला दर्ज

माफिया अतीक अहमद के बेटे अली के समर्थको पर फतेहपुर के खागा थाने मे भी मुकदमा दर्ज हुआ है। फतेपुर खागा के कटोधन टोल प्लाजा के मैनेजर सोनू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 11 गाड़ियों के नंबर और कलर का संज्ञान देकर मुकदमा दर्ज कराया हैं। आरोप हैं जिस वक्त अली क़ो पुलिस वैन से लेकर जा रही थी उसी दौरान अलग अलग लग्ज़री गाड़ियां बिना टोल दिये ही जाने लगीं। कुछ गाड़ियोंं को जब रोका गया तो उसमे सवार लोगों ने टोल कर्मियों को धमकी दी कि हम लोग अतीक अहमद के लोग हैं। टोल नहीं देते। सोनू सिंह के मुताबिक कई गाड़ियों ने टोल कर्मी तक को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने टोल मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जिन गाड़ियों  से माफिया अतीक के लोग चल रहे थे, उसमें अधिकतर प्रयागराज के नंबर थे, जबकि कुछ गाड़ियों के नंबर अलग शहर के थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल वाहनों और लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। अली अहमद के भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज जाने के दौरान यह पूरा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस अभिरक्षा में झांसी से प्रयागराज ले जाए जा रहे अली का काफिला फतेहपुर से होकर गुजरा था। फिलहाल दोनों थानों में दर्ज मुकदमों को लेकर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि अबान अपनी तेज रफ्तार कार से झांसी-कानपुर हाईवे पर सफर कर रहा था। इसी दौरान वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसा इतना गंभीर था कि अबान की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, वह जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।

यह भी पढ़ें:

भाई अबान को सुपुर्द-ए-खाक कर गले लगे और फूट-फूटकर रोए अतीक अहमद के तीनों लड़के, VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।