1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रतापगढ़ में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा, 96 सिलेंडर बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा, 96 सिलेंडर बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 11, 2026 12:34 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 12:34 pm IST

प्रतापगढ़ के कोतवाली देहात क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गैस कारोबारियों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मौके से 2 पिकअप वाहन और कुल 96 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

Gas Cylinder- India TV Hindi
96 गैस सिलेंडर बरामद Image Source : REPORTER INPUT

प्रतापगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध तरीके से गैस निकालने और सिलेंडरों में हेरफेर करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 96 गैस सिलेंडर और दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

पुलिस के मुताबिक, बरामद सिलेंडरों में 12 खाली थे। आरोप है कि आरोपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर निकलने के बाद रास्ते में उनकी गैस निकालकर घटतौली करते थे। इसके बाद सिलेंडरों को ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था। इस तरह उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस मिलने के साथ ही अवैध कारोबार को भी बढ़ावा दिया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिंटू पटेल, सुशील सरोज, विवेक पटेल, सुशील मिश्र और भोले पाल को गिरफ्तार किया। पुलिस को मौके से गैस की मात्रा में हेरफेर करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटे, बड़ी संख्या में सिलेंडर रैपर और गैस ट्रांसफर करने वाले उपकरण भी मिले हैं।

घनी आबादी में चल रहा था कारोबार

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गतिविधि ऐसे इलाके में संचालित हो रही थी, जहां आसपास बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। गैस सिलेंडर से छेड़छाड़ का काम बेहद जोखिम भरा माना जाता है और छोटी सी चूक भी आग या विस्फोट जैसी गंभीर घटना का कारण बन सकती है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज सिंह को अवैध गैस रिफिलिंग की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सिलेंडर किन एजेंसियों से जुड़े हैं और आरोपी कितने समय से इस धंधे में सक्रिय थे। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अवैध गैस कारोबार के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध गैस कारोबार पर रोक लगाने की कोशिश को बल मिला है, वहीं बड़ी संख्या में सिलेंडर एक जगह जमा कर गैस निकालने के काम से संभावित हादसे का खतरा भी टल गया।

(रिपोर्ट: बृजेश मिश्र)

यह भी पढ़ें:

फर्जी मार्कशीट के आधार पर वकालत, प्रयागराज में 39 अधिवक्ताओं पर FIR, 105 के खिलाफ दी गई तहरीर

तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे CM योगी, गोरखपुर में निकाली 'तिरंगा यात्रा'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।