स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को यूपी के गोरखपुर में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे। सीएम योगी ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया और करीब ढाई किलोमीटर तक पैदल चले। इस दौरान बड़ी संख्या में नौजवान हाथों में तिरंगा लेकर उनके साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए।
तिरंगा यात्रा के समापन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के प्रतीकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान करना और उन्हें बार-बार याद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस देश के नौजवान अपने गौरवशाली इतिहास से दूर हो जाते हैं, वह देश कभी तरक्की नहीं कर सकता।
सीएम योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजादी के बाद करीब 70 वर्षों तक कांग्रेस की सरकारों ने देश का गलत इतिहास पढ़ाया और स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले महापुरुषों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पहले लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तक की अनुमति नहीं थी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास की उन गलतियों को ठीक करने का काम किया है। अब नौजवानों का कर्तव्य है कि वे देश के साथ आगे बढ़ें और 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
देशवासियों से पीएम मोदी की अपील
पीएम मोदी ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने देश के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हमारा तिरंगा हमारे गर्व और गौरव का प्रतीक है। आइए हम सभी पूरे उत्साह के साथ हर घर तिरंगा अभियान में भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराएं। बता दें कि 'हर घर तिरंगा' अभियान चार साल पहले शुरू हुआ था और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल है।
पीएम मोदी ने रविवार को एक्स पर देशवासियों से अपील करते हुए कहा, "हमारा तिरंगा हमारे गर्व और गौरव का प्रतीक है और यह हमें हमेशा देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है। आइए, हम सभी पूरे उत्साह के साथ हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा लें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराएं। यह बहुत ही खुशी की बात है कि इस साल की यह कोशिश वंदे मातरम् को समर्पित है और वो भी ऐसे वक्त पर जब हम वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।"
ये भी पढ़ें-
थके-हारे कांवड़ियों के पैर दबाते नजर आईं IPS अधिकारी, दिल जीत रहा है VIDEO
मुंबई के मलाड में स्थित Blinkit के गोदाम पर FDA की कार्रवाई, फूड लाइसेंस निलंबित