Bareilly Honey Trap Case: यूपी में बरेली के प्रेमनगर थाना पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करने और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर रुपये वसूलने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने एक युवक से करीब 10 लाख रुपये की वसूली की। इसके बाद भी वह 12 लाख रुपये की और मांग करने लगी। इसके बाद केस का खुलासा हुआ तो सब चौंक गए। जानें बरेली में हनीट्रैप का ये पूरा मामला क्या है।
पुलिस के मुताबिक, इन्द्रानगर के रहने वाले शख्स ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला की तरफ से उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर संबंध स्थापित किए गए। बाद में उनके खिलाफ दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर रुपये की मांग की गई।
आरोप है कि महिला पहले ही उनसे 10 लाख रुपये वसूल चुकी थी। बाद में दोबारा मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 12 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इस सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला पूजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के वक्त महिला ने बताया कि उसका अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह अपनी दो छोटी लड़कियों के साथ अलग रह रही है। उनके पास आय का कोई साधन नहीं है। इस बीच, उसकी मुलाकात एक शख्स से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच मेलजोल बढ़ा और महिला को खर्च के लिए पैसे मिलने लगे।
इसी दौरान लालच में आकर महिला ने शख्स के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद दोबारा 12 लाख रुपये की मांग की गई। फिर रुपये न देने पर उसने शख्स को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पकड़ी गई महिला के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस की तरफ से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करके महिला को कोर्ट में पेश किया गया है।
(इनपुट- विकास साहनी)
संपादक की पसंद