1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली हिंसा के बाद दशहरा उत्सव पर कड़ी चौकसी, इंटरनेट सेवाओं को फिर से किया गया सस्पेंड

बरेली हिंसा के बाद दशहरा उत्सव पर कड़ी चौकसी, इंटरनेट सेवाओं को फिर से किया गया सस्पेंड

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 02, 2025 04:31 pm IST,  Updated : Oct 02, 2025 05:01 pm IST

बरेली में हुई हिंसक झड़पों के बाद विजयादशमी के मौके पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस बीच, बरेली में एक बार फिर इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है।

बरेली में हाल ही में हुई झड़पों के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं।- India TV Hindi
बरेली में हाल ही में हुई झड़पों के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पिछली 26 सितंबर को हुई हिंसक झड़पों के मद्देनजर दशहरा उत्सव और विजयादशमी के मौके पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस बीच, बरेली जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इंटरनेट सेवाओं को एक बार फिर 48 घंटों के लिए निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले, यह पाबंदी 30 सितंबर के लिए थी। इस दौरान जिले में इंटरनेट और SMS सेवाएं निलंबित थीं।

48 घंटे इंटरनेट सेवा निलंबित

गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिले में मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और SMS सेवाएं 2 अक्टूबर की दोपहर 3.0 बजे से निलंबित रहेंगी और यह निलंबन 4 अक्टूबर की दोपहर 3.0 बजे तक जारी रहेगा।

गृह सचिव गौरव दयाल ने अपने आदेश में कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसी आशंका है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे- फेसबुक, यूट्यूब, व्हाट्सऐप और मैसेजिंग सेवाओं का दुरुपयोग अफवाहें फैलाने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कदम शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। 

ड्रोन के जरिए निगरानी

दशहरा उत्सव के मद्देनजर बरेली मंडल के चार जिलों में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही, ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। गत शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कोतवाली क्षेत्र की एक मस्जिद के बाहर दो हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान हुए पथराव और लाठीचार्ज में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे। यह हिंसा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां द्वारा 'आई लव मुहम्मद' पोस्टर विवाद को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रद्द किए जाने के बाद शुरू हुई।

मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि बरेली में हाल में हुई हिंसा के बाद आज दशहरे के त्यौहार के मद्देनजर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों रामलीला, दुर्गा पूजा मेलों और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सतर्क रहने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। विजयादशमी और उससे जुड़े त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है।

किसी भी तरह की चूक पर कड़ी कार्रवाई

चौधरी ने अधिकारियों को शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए और कर्तव्य में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "सभी जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। किसी भी तरह की चूक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।" अधिकारियों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जा रहे हैं। हम पूरी तरह से पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि बरेली में हुई घटना जैसी कोई वारदात पड़ोसी जिलों में ना हो। निगरानी के लिए ड्रोन तैनात किए गए हैं।" बरेली में पिछली 26 सितंबर को हुई हिंसा के सिलसिले में बुधवार तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें-

राजा भैया ने किया शस्त्र पूजन, दिखा 200 से ज्यादा हथियारों का जखीरा, देखें VIDEO

नेपाल के बाद अब इस देश में भी सरकार के खिलाफ भड़की भारी हिंसा और विरोध की आग, प्रदर्शन में 2 लोगों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।