1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजमगढ़ में भाई-बहन ने सगी बहन को मार डाला, जांच में जो सच सामने आया, सबको हैरान कर दिया

आजमगढ़ में भाई-बहन ने सगी बहन को मार डाला, जांच में जो सच सामने आया, सबको हैरान कर दिया

 Published : Mar 26, 2025 07:46 pm IST,  Updated : Mar 26, 2025 07:51 pm IST

आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बटला पट्टी में भाई-बहन ने मिलकर अपनी ही बहन की जान ले ली। पुलिस ने दोनों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी भाई बहन- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी भाई बहन Image Source : INDIA TV

आजमगढ़ः आजमगढ़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाई-बहन ने मिलकर अपनी ही सगी बहन की हत्या कर दी। वजह थी युवती का एक मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध, जिसे परिवार ने स्वीकार नहीं किया। जब समझाने के बावजूद युवती अपने फैसले पर अड़ी रही, तो भाई-बहन ने खौफनाक साजिश रची और उसकी जान ले ली।

परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की

मामला आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बटला पट्टी गांव का है। यहां 21 वर्षीय अनीता यादव 18 मार्च को अचानक घर से लापता हो गई। परिवार ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन दो दिन बाद अनीता की लाश एक नहर में पड़ी मिली। पहले तो परिवार ने किसी बाहरी व्यक्ति पर हत्या का शक जताया, लेकिन जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया।

मुस्लिम युवक से प्रेम करती थी बहन, इसलिए मार डाला

जांच में खुलासा हुआ कि अनीता के अपने ही भाई राजू यादव और बहन संगीता यादव ने मिलकर उसकी हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक, अनीता का प्रेम संबंध एक मुस्लिम युवक से था, जो परिवार को मंजूर नहीं था। घरवालों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह अपनी जिद पर अड़ी रही, तो भाई-बहन ने उसे मौत के घाट उतारने की साजिश रच दी।

पुलिस अधिकारी ने दी ये जानकारी

एसपी ग्रामीण चिराग जैन के मुताबिक, अनीता के प्रेमी ने उसे एक मोबाइल फोन दिया था, जिससे दोनों के बीच बातचीत होती थी। युवक 6 मार्च को दिल्ली और 16 मार्च को सऊदी अरब चला गया, लेकिन वहां से भी वह अनीता से बात करता रहा। परिजनों को जब यह सब पता चला, तो उन्होंने अनीता को सख्ती से समझाने की कोशिश की, मगर जब वह नहीं मानी, तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- रवि प्रकाश सिंह, आजमगढ़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।