1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बागपत में रिश्तों का कत्ल, अवैध संबंध बनाने का विरोध करने पर भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट

बागपत में रिश्तों का कत्ल, अवैध संबंध बनाने का विरोध करने पर भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट

 Published : Aug 28, 2025 01:46 pm IST,  Updated : Aug 28, 2025 03:42 pm IST

बागपत में एक शख्स ने अपने ही चचेरी बहन को मार डाला। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी ने शव को घर में गाड़ने की भी कोशिश की।

बागपत में रिश्तों का कत्ल - India TV Hindi
बागपत में रिश्तों का कत्ल Image Source : REPORTER INPUT

बागपत में अवैध संबंध बनाने का विरोध करने पर रिश्ते में चचेरे भाई ने अपनी चचेरी बहन को ही मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने 14 वर्षीय किशोरी के सिर में पहले तो सिलेंडर से वार किया और फिर उसके बाद आरोपी ने किशोरी पर फावड़े से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने किशोरी की हत्या की वारदात के बाद उसके शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दबाने का प्रयास किया, लेकिन बीच में ही आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। गांव में किशोरी के लापता होने को फर्जी सूचना लोगों को दी। घटना में मुख्य आरोपित और उसके दो और साथियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। 

छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की महिला के पति की चार महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपनी एक नाबालिक बेटी और तीन बेटों के साथ घर पर रहती थी। महिला का घर गांव के बाहरी छोर पर स्थित है। महिला खेत में चारा लेने और उसके तीन बेटे गांव में ही अपने स्कूल में गए थे, जबकि 14 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। 

दोनों के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी और उसके रिश्ते के चचेरे भाई के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी किशोरी के घर पहुंचा और संबंध बनाने का प्रयास किया, लेकिन किशोरी इसका विरोध करने लगी। गुस्से में आकर आरोपित ने पांच किलोग्राम का सिलेंडर किशोरी के सिर में मार दिया, जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गई। कहीं उसके बारे में परिजनों को पता न चल जाए, तो आरोपी ने इसी मंशा से हत्या करने के लिए फावड़े से किशोरी पर कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कमरे में शव को गाड़ने की कोशिश

आरोपी ने कमरे में ही फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को उसमें धकेल दिया और मिट्टी डाल दी, लेकिन शव पूरी तरह जमीन में नहीं दब पाया। आरोपी ने उसके ऊपर कुछ लकड़ियां भी डाल दी। और किशोरी के मां के आने के डर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया। किशोरी की मां खेत से घर पहुंची। उसने कमरे का दरवाजा खोला तो शव देखकर उसकी चीख निकल गई। उसने शोर मचाते हुए पड़ोस के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद सूरज, जयवीर आदि ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इस दौरान लोगों की भीड़ मौके पर इक्ट्ठा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। माना जा रहा है कि इस घटना में हत्या आरोपी के दो और साथी भी शामिल रहे हैं। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने दी ये जानकारी

बागपत एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी और उसके रिश्ते के चचेरे भाई के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संबंध बनाने का विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को मौत के घाट उतार दिया और कमरे के अंदर ही गड्ढा खोदकर शव दबाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना में मुख्य आरोपी और उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा। और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- पारस जैन, बागपत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।