BSNL Prayagraj Royal Protocol Row: यूपी के प्रयागराज में BSNL में ‘साहब’ के शाही प्रोटोकॉल मामले में आखिरकार जिम्मेदारी तय हो गई है। इस मामले में बृजेंद्र कुमार सिंह, PGMT (बिजनेस एरिया) का तबादला प्रयागराज से 1 हजार किलोमीटर दूर किया गया है। ये कार्रवाई मुख्यालय से हुई है और इससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
शाही प्रोटोकॉल में लगी थी 50 अफसरों की ड्यूटी
बता दें कि ये मामला भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के डायरेक्टर (CFA) विवेक बंजल के प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से जुड़ा है। यह विवादित प्रोटोकॉल, PGMT कार्यालय से जारी हुआ था। इस पर DGM के हस्ताक्षर थे। इस दौरे के लिए 50 अफसरों की ड्यूटी लगाई गई थी, बाकायदा ड्यूटी चार्ट बनाकर जिम्मेदारियां तय की गई थीं।
अफसरों में बांटी गई थी अंडरवियर तक की जिम्मेदारी
इसमें ब्रेकफास्ट-लंच से लेकर अंडरवियर तक की व्यवस्था की जिम्मेदारी अफसरों में बांटी गई थी। विवादित प्रोटोकॉल सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप गया था। फिर किरकिरी बढ़ते ही आदेश 24 घंटे के भीतर रद्द कर दिया गया और अब इसी प्रोटोकॉल मामले में अफसरों पर कार्रवाई हुई है।
प्रयागराज से सीधे आंध्र प्रदेश किया गया ट्रांसफर
प्रयागराज में PGMT (बिजनेस एरिया) बृजेंद्र कुमार सिंह का तबादला आंध्र प्रदेश किया गया है। उन्हें बिजनेस एरिया श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश की नई जिम्मेदारी दी गई है। जागेश्वर वर्मा, डीएम पर कार्रवाई हुई है। उन्हें कर नेटवर्क ट्रांसमिशन नॉर्थ यूनिट में तबादला मिला है।
स्थापित नियमों और परंपराओं का उल्लंघन- सिंधिया
इसको लेकर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'मैंने यह साफ कर दिया है कि यह अनुचित है। यह स्थापित नियमों और परंपराओं का उल्लंघन है। यह मुझे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। हम इस प्रकार का व्यवहार नहीं कर सकते, यह 21वीं सदी है। यह बहुत ही चौंकाने वाला है। डायरेक्टर को 7 दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस जारी किया गया है। हम उचित कार्रवाई करेंगे।'
ये भी पढ़ें- अंडरवर्ल्ड की दुनिया में नए गैंगस्टर की हुई एंट्री, लॉरेन्स के वकील पर जानलेवा हमले की ली जिम्मेदारी, किया पोस्ट