सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद कार चालक ने बाइक सवार युवक की न सिर्फ पिटाई कर दी, बल्कि उसे कार के बोनट पर बैठाकर करीब 500 मीटर तक घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद आरोपी कार चालक खुद थाने पहुंच गया।
टक्कर के बाद हुई कहासुनी
दरअसल, थाना देहात इलाके के नागल-टपरी रोड पर उस वक्त हंगामा हो गया, जब बाइक और कार में हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने कार को ‘टिन का डिब्बा’ कह दिया, जिससे कार मालिक आग बबूला हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि कार चालक ने युवक की सड़क पर ही जमकर पिटाई कर दी। झगड़े के दौरान सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जिसने भी यह नजारा देखा, दंग रह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो वायरल कर दिया।
कार के बोनट पर घसीटा
राहगीरों के मुताबिक तकरार बढ़ने के बाद बाइक सवार युवक कार के सामने आ गया। इसी दौरान गुस्से में कार चालक ने युवक को कार के बोनट पर डाल दिया और करीब आधा किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक बाइक सवार को पीट रहे हैं और फिर उसे बोनट पर घसीटते हुए ले जा रहे हैं। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
वीडियो आया सामने
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वीडियो के आधार पर कार चालक और उसके साथियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को थाने बुलाया, जिसके बाद सभी आरोपी स्वयं थाने में हाजिर हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- खालिद हसन)
यह भी पढ़ें-
सड़क पर नवजात को नोचता दिखा कुत्तों का झुंड, हुई मौत; नहीं हो सकी बच्ची की पहचान
UP: शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान भाजपा नेता को लगी गोली, हुई मौत