1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कक्षा 8 की छात्रा ने रेप के बाद लगाई फांसी, आरोपी जीशान गिरफ्तार, दहला देगी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट

कक्षा 8 की छात्रा ने रेप के बाद लगाई फांसी, आरोपी जीशान गिरफ्तार, दहला देगी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट

 Published : May 06, 2026 01:45 pm IST,  Updated : May 06, 2026 01:48 pm IST

उत्तर प्रदेश के बरेली में कक्षा 8 की छात्रा के साथ रेप की वारदात सामने आई है। बाद में बच्ची ने सदमे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और शारीरिक चोटों की पुष्टि हुई है।

Bareilly rape case, 11 year old girl rape suicide, Class 8 student rape Bareilly, Zeeshan arrested B- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी जीशान। Image Source : BAREILLY POLICE

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप और बाद में उसके द्वारा खुदकुशी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कक्षा 8 की छात्रा ने अपने साथ हुई जघन्य घटना के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी 26 साल के युवक जीशान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 27 अप्रैल को मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली इस लड़की को जीशान नामक युवक ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ बेहद क्रूरता से दुष्कर्म किया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई

जीशान द्वारा अपने साथ की गई दरिंदगी से सदमे में आई बच्ची ने घर पहुंचकर फांसी लगाकर जान दे दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में लड़की के शरीर पर यौन उत्पीड़न के साथ-साथ कई शारीरिक चोटों के निशान मिले हैं। इनमें दांत से काटने के घाव और नाखूनों से खरोंच के निशान शामिल हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने बताया कि शुरू में परिवार ने लड़की की मौत को आत्महत्या बताते हुए पुलिस कार्रवाई में हिचकिचाहट दिखाई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप का खुलासा होने के बाद परिवार ने मामला दर्ज कराया।

रुपये देकर बहन का मुंह करता था बंद

पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि जीशान अक्सर स्कूल के पास वाले इलाके में आता-जाता था। वह छोटी बहन को कुछ रुपये देकर उसे मनाता था ताकि वह अपनी बड़ी बहन की मुलाकातों के बारे में माता-पिता को न बताए। अंशिका वर्मा ने आगे बताया, 'तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर हमारी टीम ने मंगलवार को जीशान को मीरगंज साप्ताहिक बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।' पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।