1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपीः हिंदू नामों से बैंड-बाजा कंपनी चलाने वाले मुस्लिम मालिकों की सीएम योगी से शिकायत, मामला गरमाया

यूपीः हिंदू नामों से बैंड-बाजा कंपनी चलाने वाले मुस्लिम मालिकों की सीएम योगी से शिकायत, मामला गरमाया

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Aug 22, 2025 11:10 am IST,  Updated : Aug 22, 2025 11:18 am IST

यूपी के मुरादाबाद में हिंदू नाम से बैंड बाजा कंपनी चलाने वाले मुस्लिम संचालकों की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।

हिंदू नाम से मुस्लिम बैंड मालिक का बैंड- India TV Hindi
हिंदू नाम से मुस्लिम बैंड मालिक का बैंड Image Source : REPORTER INPUT

मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में हिंदू नामों से बैंड-बाजा कंपनी चलाने वाले मुस्लिम मालिकों की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की गई है। शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ लिया है। शिकायत अधिवक्ता शेबी शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई है कि शहर में कई बैंड कम्पनियां हिन्दू नामों से चल रही हैं जबकि उनके मालिक मुस्लिम हैं।

हिंदू नाम से मुस्लिम चला रहे हैं बैंड कंपनी

शिकायत में कहा गया है कि मुरादाबाद में शर्मा बैंड का संचालन अकील अहमद कर रहे हैं। इसी तरह दर्जनों बैंड कम्पनियां हिन्दू नाम रखकर व्यापार कर रही हैं, जिससे हिन्दू समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। अधिवक्ता ने यह भी कहा कि जिस प्रकार कांवड़ रूट पर दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के नाम पर होटल संचालित करने पर कार्रवाई हुई थी। उसी तरह इन बैंड कम्पनियों पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए। ये सभी लोग अपनी पहचान और नाम से काम करें।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत

अधिवक्ता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत पर शासन स्तर से आए जांच के आदेश के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बयान लिए हैं। इस दौरान संचालकों को सही नाम रखने की भी सलाह दी गई है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने ऑफ द रिकॉर्ड स्वीकार किया कि शिकायत आईजीआरएस पोर्टल से आई है और जांच की जा रही है।

क्या कहते हैं मुस्लिम संचालक

मुरादाबाद में नाम अग्रवाल बैंड है लेकिन इसके संचालक मुस्लिम हैं जिनका नाम बबलू है। बबलू ने बताया कि वो पिछले काफी सालों से अग्रवाल बैंड के नाम से काम करते आ रहे हैं। बैंड बजाने वाले भले ही सभी मुस्लिम हों लेकिन उनका कारोबार हिंदुओं से ही चल रहा है। चाहे वो शादी बारात हों या धार्मिक जुलूस वा शोभायात्राएं। बबलू ने कहा हम नाम बदल लेंगे लेकिन दिसंबर तक का हमें समय दिया जाए क्योंकि नवंबर दिसंबर में होने वाली शादियों की बुकिंग उन्होंने इसी नाम से की है अगर अभी नाम बदला तो उन्हें बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है।

ऐसे ही शर्मा बैंड के संचालक अकील अहमद ने बताया कि उनके पार्टनर वेद प्रकाश शर्मा हैं। ये करीब 25 साल पुराना काम है। शिकायत की गई है कि मुस्लिम लोग हैं जो हिंदू नाम से बैंड चला रहे हैं जबकि उन्हें ये नहीं पता वेदप्रकाश शर्मा पार्टनर हैं। कल एसपी सिटी साहब ने बुलाया था वहीं शिकायत पत्र देखा था हमने उन्हें बताया तो उन्होंने कहा इसे हम देख लेंगे। हम तो उसी नाम से चलाएंगे।

शिकायतकर्ता अधिवक्ता ने कही ये बात

शिकायतकर्ता अधिवक्ता शेबी शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा जो शिकायत की गई थी उसके बाद एसपी सिटी ने उन्हें व बैंड वालों को बुलाया था बैंड वालों ने फरवरी माह तक नाम बदलने की बात कही है क्योंकि उनकी इस नाम से बुकिंग हो चुकी हैं।

रिपोर्ट- राजीव शर्मा, मुरादाबाद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।