Deoria Hit And Run Case: यूपी के देवरिया जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार टैंकर ने सुबह टहलने निकली महिला को टक्कर मार दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। ये मामला गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर कस्बे स्थित नेशनल हाईवे का है। जानकारी के मुताबिक, बैतालपुर निवासी विमला देवी रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार डेयरी टैंकर ने उन्हें टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
टैंकर की टक्कर से मौके पर ही हो गई मौत
ये हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला, गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर डिपो स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पास पहुंची थीं, तभी गोरखपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डेयरी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला उछलकर डिवाइडर पर जा गिरी।
डिवाइडर पर काफी देर तक पड़ी रही बॉडी
घटना कुछ देर बाद तक महिला का शव डिवाइडर पर पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने उनके मोबाइल फोन से मृतक के परिजनों को घटना के बारे में सूचना दिया। सूचना पाते ही परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई वारदात
वायरल सीसीटीवी वीडियो में महिला सड़क किनारे टहलती दिखई दे रही हैं, तभी सामने की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। महिला को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक बिना देरी किए वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है कि महिला को ठोकर मारने वाला वाहन कहां से आया और ठोकर मारने के बाद कहां फरार हो गया। इन सभी बिंदुओं की जांच पुलिस कर रही है, जिससे घटना को अंजाम देने वाले डेयरी वाहन चालक तक पुलिस पहुंच सके।
(इनपुट- विनोद द्विवेदी)
ये भी पढ़ें- बैलगाड़ियों पर सज-धजकर निकली बारात, आधुनिकता के दौर में दूल्हे ने परंपरा को दिया मान; देखें VIDEO