1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: लखनऊ के किसान पथ पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 5 यात्रियों की जलकर मौत

VIDEO: लखनऊ के किसान पथ पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 5 यात्रियों की जलकर मौत

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Malaika Imam
 Published : May 15, 2025 07:50 am IST,  Updated : May 15, 2025 09:00 am IST

लखनऊ में किसान पथ पर एक डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की जलकर मौत हो गई। बस बेगूसराय से मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर दिल्ली जा रही थी।

डबल डेकर बस जलकर खाक- India TV Hindi
डबल डेकर बस जलकर खाक

उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के किसान पथ पर एक डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई, जिसमें पांच यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह घटना गुरुवार सुबह लगभग 5.0 बजे हुई, जब बस बिहार के बेगूसराय से दिल्ली की ओर जा रही थी। ड्राइवर और क्लीनर आग लगते ही बस से कूदकर भाग गए। बस से दो सिलेंडर भी मिले। गियर बॉक्स के पास आग लगी थी।

गुरुवार सुबह के समय अचानक बस में आग लगी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भयावह थी कि बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

बस में 80 यात्री थे सवार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस के ‘गेयर बाक्स’ में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। सूत्रों ने बताया कि बस में लगभग 80 यात्री सवार थे और उस समय सभी यात्री सो रहे थे। आग इतनी तेज थी कि एक किलोमीटर दूर तक उसकी लपटें दिखाई दे रही थीं।

आपातकालीन द्वार नहीं खुला

मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद पता चला कि बस का आपातकालीन द्वार नहीं खुल पाया, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। इस वजह से कई लोग फंसे रह गए और मौत हो गई।

मौके पर भारी पुलिस बल और पीजीआई की टीम भी पहुंची। पुलिस ने मृत यात्रियों के शवों को बस से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस की मदद से भेजा। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना में पांच यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें-

"ऑपरेशन सिंदूर जरूरी", मरियम सोलेमंखिल ने कहा- ISI आतंकवाद के साये में जी चुकी हूं, बलोचिस्तान का भी किया जिक्र

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों और आतंकियों में मुठभेड़ शुरू, 2 से 3 आतंकवादी घेरे गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।