देवरिया: यूपी के देवरिया जिले में लार पुलिस ने ट्रक से रूई के बोरे में छिपाकर बिहार जा रही 26 लाख रुपये कीमत की 450 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पुलिस ने मुखबिर से सूचना पर एक ट्रक UP 25BT 9727 पकड़ा, इसमें बिहार ले जाई जा रही पंजाब निर्मित 450 पेटी रॉयल स्टेग अवैध अंग्रेजी शराब (कुल 3949.2 लीटर) बरामद हुई है। इसकी कीमत 26 लाख रुपए बताई जा रही है।
Related Stories
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान हुई
पुलिस ने 2 तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान डबलू कुमार पुत्र मंगल पासवान और अमन कुमार पुत्र शोनू पासवान जगरनाथपुर पदमौल थाना कुढनी जनपद मुजफ्फरपुर बिहार के रूप में हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को हिरासत में लेकर और अवैध शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का सामने आया बयान
अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया, "पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे आपरेशन प्रहार के तहत थाना लार पुलिस द्वारा आज मेहरौना चेकपोस्ट के पास से एक ट्रक से लगभग 450 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (लगभग 4000 लीटर) के साथ 2 अभियुक्तों डबलू कुमार व अमन कुमार जोकि जनपद मुजफ्फरपुर बिहार के रहने वाले हैं, को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की कीमत लगभग 26 लाख रुपये है। पुलिस द्वारा बरामद अवैध शराब और ट्रक वाहन को कब्जे में लेते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।"
गौरतलब है कि शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है लेकिन फिर भी इसे कंज्यूम करने वाले इसका सेवन करते हैं और अपनी जान से खिलवाड़ करते हैं। बिहार में शराब के लिए वैसे भी काफी मारामारी होती रहती है क्योंकि यहां शराब बेचने पर बैन है। (इनपुट: देवरिया से विनोद)