1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के सीतापुर में रविवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौत, घर में पसरा मातम

यूपी के सीतापुर में रविवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौत, घर में पसरा मातम

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 06, 2026 03:27 pm IST,  Updated : Sep 06, 2026 03:32 pm IST

सीतापुर में पिता और बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों के परिवार में अचानक घटी इस घटना से मातम पसरा हुआ है।

Sitapur- India TV Hindi
सीतापुर में पिता और बेटे की करंट लगने से मौत Image Source : REPORTER INPUT

सीतापुर: यूपी के सीतापुर में रविवार को एक दुखद घटना घटित हुई है। यहां करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। बताते हैं कि बेटा एलटी लाइन पर गिरे पेड़ को हटा रहा था तभी उसे करंट लग गया। बेटे को बचाने दौड़े पिता भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। यह दर्दनाक हादसा सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसहिया का है। बताते चलें कि गांव के रहने वाले गीतेश मिश्रा के घर के सामने पेड़ लगा हुआ है, उसी के पास से बिजली की एलटी लाइन निकली हुई है।

पेड़ की डाली टूटकर तार पर गिर गई थी

बताया जाता है कि रविवार को एक बंदर पेड़ पर चढ़ा था और इस दौरान पेड़ की डाली टूटकर तार पर गिर गई। बिजली के तार पर गिरी पेड़ की डाली को जब गीतेश मिश्रा का बेटा पीयूष हटा रहा था तभी वह करंट की चपेट में आ गया और करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा।

इसे देख पिता गीतेश उसे बचाने के लिए दौड़े। बेटे को बिजली तार से छुड़ाने के दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गए। पिता-पुत्र को करंट लगा देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और बिजली विभाग सहित एंबुलेंस को सूचना दी। 

पिता-पुत्र को स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार का कहना है कि शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

इससे पहले बदायूं में हाईटेंशन लाइन से कांवड़ियों का डीजे टकराया था, जिससे करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे और एक युवक की मौत हो गई। डीजे का लाउडस्पीकर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही ट्रॉली में करंट आ गया था और तेज धमाके के साथ लपटें उठने लगीं थीं। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया था।

आज ही महाराष्ट्र के रायगड जिले से भी खबर सामने आई थी कि पनवेल में करंट लगने से पांच लोग घायल हो गए। दही हांडी कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। (रिपोर्ट- मोहित मिश्रा)

ये भी पढ़ें-

नोएडा में बड़ा हादसा, टूटकर गिरा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार, 5 लोग करंट की चपेट में आए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।