1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के 4 बच्चों की तबीयत खराब, एक की हो गई मौत

UP: कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के 4 बच्चों की तबीयत खराब, एक की हो गई मौत

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 19, 2025 01:57 pm IST,  Updated : Jul 19, 2025 01:57 pm IST

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में कोल्ड ड्रिंक पीने से चार बच्चों की तबीयत खराब हो गई। चारों को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान एक बच्ची की मौत हो गई।

कोल्ड ड्रिंक पीने से एक बच्ची की हुई मौत।- India TV Hindi
कोल्ड ड्रिंक पीने से एक बच्ची की हुई मौत। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

पीलीभीत: यूपी के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जहानाबाद थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार बच्चों की कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में चारों बच्चों को लेकर एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्ची की मौत भी हो गई। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक कोल्ड ड्रिंक के नमूने को जांच के लिए भेजा गया है। वहीं परिवार की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत प्राप्त होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चारों ने एक साथ खरीदी थी कोल्ड ड्रिंक

दरअसल, पूरा मामला जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के निसरा गांव का है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक निसरा गांव में चार बच्चों ने एक साथ कोल्ड ड्रिंक खरीदी थी। इसके बाद उन्होंने एक साथ कोल्ड ड्रिंक का सेवन भी किया। जानकारी के मुताबिक कोल्ड ड्रिंक पीने के थोड़ी ही देर बाद सभी बच्चों की तबीयत खराब हो गई। उन्हें पेट दर्द उल्टी की शिकायत होने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने चारों बच्चों को पास के ही एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। यहां इन चारों में से एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। 

चारों में से एक बच्ची की मौत

मृतक बच्ची की पहचान जुम्मा की पुत्री जोया (9) के रूप में हुई है, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य बच्चों की पहचान हसन (8), अलशिफा (5) और एक अन्य के रूप में हुई है। बाकी के तीन बच्चों की हालत में इलाज के बाद सुधार देखने को मिला, जिन्हें बाद में नर्सिंग होम से छुट्टी दे दी गई और परिजन उन्हें लेकर घर चले गए। वहीं सूचना मिलने के बाद पीलीभीत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (SHO) राजीव कुमार सिंह ने भी मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक के बचे हुए नमूने को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। परिवार की ओर से यदि लिखित शिकायत आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।