1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिना लाइसेंस चल रहा था पटाखों का खेल! घाटमपुर में पुलिस ने मारा छापा, भारी मात्रा में माल बरामद

बिना लाइसेंस चल रहा था पटाखों का खेल! घाटमपुर में पुलिस ने मारा छापा, भारी मात्रा में माल बरामद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 03, 2026 03:01 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 03:01 pm IST

घाटमपुर के पतारा और नौरंगा में पुलिस ने छापेमारी कर चार दुकानों से 110 किलो अवैध पटाखे बरामद किए और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। बिना वैध दस्तावेज पटाखों का भंडारण करने पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

up- India TV Hindi
पतारा और नौरंगा में पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, विस्फोटक भंडारण के दस्तावेज नहीं मिले, तीन आरोपी हिरासत में Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। पुलिस ने पतारा कस्बे और नौरंगा गांव में छापेमारी कर चार दुकानों से करीब क्विंटल पटाखे बरामद किए। दुकानदारों के पास पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के साथ ही अवैध भंडारण के संबंध में जांच की जा रही है।

पतारा और नौरंगा में पुलिस की छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, पतारा कस्बे में राजेश साहू और हरिओम सैनी की दुकानों पर सोमवार दोपहर छापेमारी की गई। यहां से करीब 71 किलो पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा नौरंगा गांव निवासी श्रवण कुमार उर्फ राजू के यहां भी पुलिस ने कार्रवाई की। यहां से करीब 39 किलो पटाखे बरामद किए गए। पुलिस की जांच में सामने आया कि संबंधित दुकानदारों के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पतारा और नौरंगा में पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 110 किलो पटाखे बरामद किए गए हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें किन स्थानों पर बेचने की तैयारी थी।

अवैध भंडारण की सूचना पुलिस को दें

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि सर्किल क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पतारा और नौरंगा में हुई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी पटाखों का अवैध भंडारण दिखाई देता है या इसकी जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। ऐसे स्थानों पर आग लगने या विस्फोट की स्थिति में आसपास के लोगों की जान और संपत्ति को खतरा हो सकता है। इसलिए बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

(कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

गाजियाबाद में इन 11 स्थानों पर ही बिकेंगे ग्रीन पटाखे, 5 से 7 नवंबर तक होगी बिक्री, नोट कर लें जगहों की लिस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।