उत्तर प्रदेश के मेरठ में नौचंदी थाना पुलिस ने फरार हुए वारंटी अभियुक्त अरशद उर्फ जोजो को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और मौके से भागने का प्रयास किया। भागते समय गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
नौचंदी थाने में था, इसी दौरान पुलिस गिरफ्त से भाग निकला
पुलिस के अनुसार, अरशद उर्फ जोजो पुत्र शाकिर निवासी गली नंबर-7, ढवाई नगर, थाना नौचंदी, मेरठ चोरी के एक मामले में वारंटी था। वह नौचंदी थाने में पुलिस अभिरक्षा में था। दो नवंबर की सुबह अभियुक्त अपने हाथ से हथकड़ी निकालकर थाना कार्यालय से फरार हो गया था। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन के पर्यवेक्षण में नौचंदी पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं।
पुलिस पर आरोपी ने की थी फायरिंग
इसी दौरान सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अभियुक्त नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। इसी दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट आ गई। पुलिस ने उसे अशोक की लाट के पास नौचंदी ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। उसका इलाज भी कराया गया है।
तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना नौचंदी में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ से हिमा अग्रवाल की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
मैनपुरी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का वांछित गिरफ्तार
पड़ोसी के घर में कौन आ-जा रहा है... ये अब CCTV कैमरे नहीं देख पाएंगे! हाईकोर्ट का बड़ा फैसला