1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में एलएलबी की छात्रा ने 8वीं मंजिल कूदकर दी जान, पुलिस ने बताई पूरी कहानी

गाजियाबाद में एलएलबी की छात्रा ने 8वीं मंजिल कूदकर दी जान, पुलिस ने बताई पूरी कहानी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 01, 2024 11:07 am IST,  Updated : Oct 01, 2024 11:07 am IST

कानून की छात्रा अपने माता-पिता के साथ एक ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में रहती थी। पिता एमटीएनएल से रिटायर हैं और एक छोटा भाई है जो पढ़ाई कर रहा है। सोमवार को उसने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई।

छात्रा का परिवार...- India TV Hindi
छात्रा का परिवार ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के आठ मंजिले टावर में रहता है। Image Source : FILE PHOTO

गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार को एलएलबी की 20 वर्षीय एक छात्रा ने आठवीं मंजिल स्थित अपने अपार्टमेंट से कूद कर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने छात्रा के परिवार के हवाले से बताया कि दिल्ली के एक कॉलेज में कानून की पढ़ाई कर रही छात्रा का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई कर रही खुशी घर से टहलने की बात कहकर निकली थी, उसके बाद वह अपार्टमेंट की छत पर चली गई। ऊपर जाकर उसने छलांग लगा दी।

माता-पिता के साथ ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में रहती थी छात्रा

साहिबाबाद के ACP रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि ‘‘कानून की छात्रा अपने माता-पिता के साथ एक ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में रहती थी। पिता एमटीएनएल से रिटायर हैं और एक छोटा भाई है जो पढ़ाई कर रहा है। सोमवार को उसने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई।’’ उपाध्याय ने बताया, ‘‘उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि वह करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन में थी। वह अपने इलाज के लिए बेंगलुरु में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान से परामर्श ले रही थी।’’

सिक्योरिटी गार्डों से मिली गिरने की सूचना

परिवार ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के आठ मंजिले टावर में रहता है। खुशी रात में खाना खाने के बाद टहलने की बात कहकर बाहर गई थी। बाहर से लौटी तो फिर छत पर जाने की बात कहकर इसी  टावर की टेरिस पर चली गई। कुछ देर बाद सुरक्षा गार्डों ने उसके छत से गिरने की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो सोसायटी के काफी लोग जमा हो गए थे। किसी ने एंबुलेंस को कॉल कर दिया। एंबुलेंस से खुशी को मोहन नगर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने छात्रा के इलाज से संबंधित दस्तावेज मांगे ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि क्या वह वास्तव में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। अधिकारी ने बताया कि माता-पिता ने परामर्श के सबूत संतोषजनक ढंग से प्रस्तुत किए। पुलिस ने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

खुद से शादी रचाकर फेमस हुई थी इन्फ्लुएंसर, अब किया सुसाइड, बिल्डिंग से कूदकर दी जान

नहीं थम रहे स्टूडेंट सुसाइड के मामले, IIM अहमदाबाद के छात्र ने हॉस्टल में लगाया मौत को गले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।