Hapur Assault Video: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में आपसी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र की बुलंदशहर रोड स्थित टाटा धर्मकांटा के पास दिनदहाड़े हुई इस हिंसा का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हमलावरों ने पीड़ित को घेरकर नीचे गिरा लिया और उस पर लात-घूसों की बरसात कर दी।
पेशी पर आए युवक को ससुरालियों ने पीटा
घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित की पहचान मेरठ के मुंडाली निवासी सलमान के रूप में हुई है। सलमान का अपनी पत्नी इरम के साथ लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बीते 23 मार्च को सलमान, कोर्ट में अपने मुकदमे की तारीख पर आया था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह अदालत से वापस लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
जमीन पर गिराकर बुरी तरह कूटा
ससुरालियों ने युवक को घेरकर नीचे जमीन पर गिराकर उसे बुरी तरह पीट दिया। उसकी पत्नी इरम, ससुर शमशेर और उनके अन्य साथियों ने पहले उसे रास्ते में रोक लिया और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने BNS की धारा 191(2) ,352, 351(2) और 115(2) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने ससुर और सालों के खिलाफ दर्ज की FIR
FIR पीड़ित के भाई शाहिद की तहरीर पर कोतवाली हापुड़ नगर में दर्ज की गई है। पुलिस की तरफ से इस हमले में कुल 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में पीड़ित की पत्नी इरम, ससुर शमशेर, साले मोनू व सलमान, उनके साथी अस्लम, समीर और बिलाल शामिल हैं।
पीड़ित पक्ष ने जानकारी दी कि आरोपियों ने सलमान को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस वायरल वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
(इनपुट- निशांक शर्मा)
ये भी पढ़ें- VIDEO: युवती का बीच बाजार में हाई वोल्टेज ड्रामा, सड़क पर बैठ मचाया बवाल; पुलिस से की नोक-झोंक