1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाथरस: छात्राओं के यौन शोषण मामले में बड़ा खुलासा, कॉलेज के प्राचार्य गिरफ्तार

हाथरस: छात्राओं के यौन शोषण मामले में बड़ा खुलासा, कॉलेज के प्राचार्य गिरफ्तार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 23, 2025 11:48 pm IST,  Updated : Apr 23, 2025 11:59 pm IST

यौन शोषण मामले में पुलिस ने हाथरस के बागला महाविद्यालय के प्राचार्य को गिरफ्तार किया है। शिकायत को दबाने की कोशिश में प्राचार्य की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

कॉलेज के प्राचार्य गिरफ्तार- India TV Hindi
कॉलेज के प्राचार्य गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित बागला महाविद्यालय गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में आ गया है। कॉलेज में छात्राओं के यौन शोषण के मामले में पुलिस ने अब कॉलेज के प्राचार्य महावीर छोकर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ छात्राओं ने पहले ही भूगोल विभाग के प्रवक्ता रजनीश कुमार पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। आरोपों के मुताबिक, जब छात्राओं ने इस घटना की शिकायत कॉलेज के प्राचार्य से की, तो उन्होंने न केवल कार्रवाई करने से इनकार कर दिया, बल्कि छात्राओं को धमका कर वहां से भगा दिया।

प्राचार्य की भूमिका संदिग्ध पाई गई

इस मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत को दबाने की कोशिश में प्राचार्य की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके चलते उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

रजनीश को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल

प्राचार्य महावीर छोकर पर भी छात्राओं के आरोपों को नजरअंदाज करने और जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप लगे हैं। इससे पहले ही रजनीश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हाथरस चिरंजीवी नाथ सिन्हा के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है।

गुमनाम पत्र से हुई पूरे मामले की शुरुआत

हाथरस पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले की शुरुआत मार्च में एक गुमनाम पत्र से हुई थी। यह पत्र कॉलेज की पूर्व छात्रा ने भेजा था। पत्र में भूगोल विभाग के अध्यक्ष और प्रॉक्टर डॉक्टर रजनीश कुमार पर यौन उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस को इस संबंध में वीडियो फुटेज भी प्राप्त हुए। इसी के आधार पर 19 मार्च को प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच की, जिसमें सामने आया कि छात्राओं ने इन घटनाओं की शिकायत कॉलेज प्राचार्य महावीर छोकर से की थी। इसके बाद भी उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय छात्राओं को ही डराने-धमकाने की कोशिश की। एसपी ने इस मामले में कहा कि प्राचार्य की भूमिका अत्यंत गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने अपने कर्तव्य का पालन नहीं करते हुए अपराध को छिपाने की कोशिश की।

(रिपोर्ट- रवि चौधरी)

ये भी पढ़ें-

क्या है सिंधु जल समझौता, भारत के रोक लगाने पर पाकिस्तान में क्या पड़ेगा असर?

रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर भड़के पहलगाम पीड़ित के रिश्तेदार, कांग्रेस को लेकर दिया बड़ा बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।