1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पति चाहता था पत्नी बने एक्ट्रेस नोरा फतेही जैसी, रोज 3 घंटे एक्सरसाइज करने का दवाब, थाने पहुंचा मामला

पति चाहता था पत्नी बने एक्ट्रेस नोरा फतेही जैसी, रोज 3 घंटे एक्सरसाइज करने का दवाब, थाने पहुंचा मामला

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Aug 20, 2025 01:36 pm IST,  Updated : Aug 21, 2025 10:32 am IST

गाजियाबाद में एक महिला ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पत्नी का आरोप है कि पति उसे नोरा फतेही जैसी बनाना चाहता है और इसलिए उसे शारीरिक और मानसिक तौर पर परेशान करता है।

नोरा फतेही की फाइल फोटो- India TV Hindi
नोरा फतेही की फाइल फोटो Image Source : PTI

गाजियाबादः यूपी के गाजियाबाद में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोप लगाया है कि उसका पति उसे बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही जैसी दिखने और बनने के लिए मजबूर करता था। इसके लिए उस पर रोज़ाना तीन-तीन घंटे व्यायाम करने का दबाव बनाया जाता था और जब वह थकान या स्वास्थ्य कारणों से कसरत नहीं कर पाती, तो कई-कई दिनों तक उसे खाना तक नहीं दिया जाता था।

इसी साल मार्च में हुई थी शादी

महिला का विवाह मार्च 2025 में गाजियाबाद में धूमधाम से हुआ था। दावा है कि शादी में आभूषण, 24 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो, 10 लाख की नकदी सहित कुल लगभग 76 लाख रुपये का खर्च आया था। इसके बावजूद विवाह के बाद पति और ससुरालवालों ने ज़मीन, नकदी और महंगे सामान की लगातार मांग की। महिला ने बताया कि उसके पति सरकारी फिजिकल एजुकेशन टीचर हैं, अक्सर उसे ताने देते और कहते कि उनकी ज़िंदगी बर्बाद हो गई है क्योंकि उन्हें तो नोरा फतेही जैसी खूबसूरत लड़की मिल सकती थी।

पत्नी ने पति पर लगाया गंभीर आरोप

पत्नी का आरोप है कि उसका पति सोशल मीडिया पर दूसरी लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो देखता रहता था और जब उसने इसका विरोध किया तो उसे मारपीट कर चुप करा दिया गया। महिला ने सास-ससुर और ननद पर भी मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और बार-बार दहेज मांगने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि उसे मायके से कपड़े, ओवन और गहने लाने के लिए दबाव डाला गया।

शिकायत में लगाया गया है ये आरोप

शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद महिला गर्भवती हुई, लेकिन इस दौरान भी ससुराल पक्ष ने उसे ऐसी चीज़ें खाने को दीं जिससे उसकी तबियत खराब हो गई। जुलाई 2025 में उसे अत्यधिक रक्तस्राव और असहनीय दर्द की स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने बताया कि मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न तथा गलत खान-पान के कारण उसका गर्भपात हो गया।

महिला का आरोप है कि उसके मायके जाने के बाद पति, सास और ननद ने वीडियो कॉल करके उसे और उसके परिवार को गालियां दीं और तलाक लेने की धमकी दी। 26 जुलाई को जब वह अपने माता-पिता के साथ ससुराल लौटी तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया और तीज-त्योहार पर मायके से दिए गए गहनों तक को वापस करने से साफ इंकार कर दिया गया। पीड़िता ने अपनी तहरीर में पति के साथ ही अपनी सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, गर्भपात कराने, धमकी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस से सख़्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

रिपोर्ट- जुबैर अख्तर, गाजियाबाद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।