1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में गिरफ्तारी वारंट की अफवाह सुनकर 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, फिर हुआ फरार

यूपी में गिरफ्तारी वारंट की अफवाह सुनकर 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, फिर हुआ फरार

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 09, 2026 07:16 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 07:16 pm IST

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में वारंट की अफवाह सुनकर एक युवक 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। इसके बाद मौका देखकर वह फरार हो गया।

Fatehpur- India TV Hindi
120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक Image Source : REPORTER INPUT

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें सोशल मीडिया पर अपराधियों की गिरफ्तारी का मैसेज गांव के एक दोस्त के दिखाने से भयभीत युवक 120 फ़ीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा और कूदकर मरने की धमकी देने लगा। इससे ग्रामीणों में हड़कम्प मच गया और सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम पहुंची और उसे सकुशल उतारने में जुट गई।

क्या है पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की जानकारी देखने के बाद जेल जाने के डर से एक युवक रविवार सुबह करीब आठ बजे असोथर-हरनवां मार्ग स्थित लगभग 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम करीब चार घंटे तक उसे नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस और भीड़ को मौके से हटाने की शर्त पर युवक नीचे उतरा और खेतों के रास्ते पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

नगर पंचायत असोथर के वार्ड नंबर एक किलापर निवासी कामता पासवान का 21 वर्षीय पुत्र लखन पासवान रविवार सुबह अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह टावर की काफी ऊंचाई पर पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस, परिजन और स्थानीय संभ्रांत नागरिक लगातार युवक को समझाकर नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। युवक का कहना था कि नीचे उतरते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज देगी। इसी डर से उसने टावर पर चढ़ने की बात कही।

चार घंटे तक बाधित रही बिजली आपूर्ति

करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रखी गई। इस दौरान पुलिस और परिजन युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। बाद में युवक ने एक स्थानीय समाजसेवी से बातचीत की और उसके माध्यम से शर्त रखी कि यदि पुलिस और भीड़ को मौके से हटा दिया जाए तो वह टावर से नीचे उतर जाएगा।

युवक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को हटाया और पुलिसकर्मी भी पीछे हो गए। इसके बाद करीब 12 बजे युवक टावर से नीचे उतर आया। लेकिन नीचे आते ही वह खेतों की ओर दौड़ पड़ा और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

जमानत पर बाहर आया था युवक

पुलिस के अनुसार लखन पासवान का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना असोथर में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह 23 अप्रैल को चोरी के एक मामले में जेल गया था और 15 जुलाई को जमानत पर रिहा हुआ था। दो दिन पहले पुलिस उसके घर जांच के सिलसिले में गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के दबाव में युवक ने टावर पर चढ़कर पुलिस से बचने की कोशिश की।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों पर युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद युवक को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि युवक के खिलाप चोरी सहित 4 मुकदमें दर्ज हैं। उसे गांव के किसी दोस्त ने पुलिस द्वारा शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी वाले पुलिस अधीक्षक के मैसेज को इंस्टाग्राम पर दिखाकर उसे भयभीत कर दिया जिससे वह टावर पर चढ़कर हंगामा करने लगा। युवक की गिरफ्तारी का कोई वारंट नहीं जारी हुआ है।

इससे पहले पीलीभीत में न्याय न मिलने पर 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर एक पीड़िता चढ़ी थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। (रिपोर्ट- उमेश चन्द्रा)

ये भी पढ़ें

प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।