1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आज CM योगी का अयोध्या दौरा, राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा से करेंगे मुलाकात, वह भी ट्रेन से आज सुबह ही पहुंचे

आज CM योगी का अयोध्या दौरा, राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा से करेंगे मुलाकात, वह भी ट्रेन से आज सुबह ही पहुंचे

 Reported By: Ruchi Kumar,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 08, 2026 10:28 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 11:28 am IST

राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के बाद आज जितेंद्र मिश्रा ट्रेन से अयोध्या पहुंचे। उनकी आज सीएम योगी से भी मुलाकात होगी क्योंकि सीएम योगी आज अयोध्या जा रहे हैं।

Jeetendra Mishra- India TV Hindi
जितेंद्र मिश्रा की आज CM योगी से होगी मुलाकात Image Source : PTI/ANI

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के बाद आज रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी। सीएम योगी आज अयोध्या जा रहे हैं और रामलला के दर्शन करेंगे। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भी आज सुबह ही ट्रेन से अयोध्या पहुंचे हैं।

2 सितंबर को राम मंदिर के सीईओ के रूप में हुआ था नाम का ऐलान

बीते 2 सितंबर को ही जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मोहर लगी थी कि वह राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं और 4 महीने पहले 30 अप्रैल 2026 को ही भारतीय वायु सेना से रिटायर हुए हैं। वह रिटायर्ड एयर मार्शल हैं और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और कारगिल युद्ध में भी अहम भूमिका निभाई थी। वह वायुसेना के पश्चिमी कमान के चीफ रहे हैं। उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (एसवाईएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से भी सम्मानित किया जा चुका है।

गौरतलब है कि राम मंदिर के दान में चोरी के मामले ने काफी तूल पकड़ा था और देश-दुनिया में इस मामले की चर्चा हुई थी। चोरी का मामला सामने आने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया था। इसके बाद ये तय किया गया था कि ट्रस्ट के लिए एक सीईओ की नियुक्ति की जाएगी। 

राम मंदिर ट्रस्ट के 3 नए ट्रस्टी भी बनाए गए

जब राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ का ऐलान किया गया, उसी दौरान 3 नए ट्रस्टी भी बनाए गए। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नया ट्रस्टी बनाया गया था।

CEO बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने क्या कहा था?

राम मंदिर का सीईओ बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने कहा था, "मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि इतने सारे उम्मीदवारों में से मुझे चुना गया। मैं इसे भगवान राम का आशीर्वाद भी मानता हूं कि एयर फोर्स में देश की 43 साल की सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का मौका दिया है।"

बता दें कि इससे पहले जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे और कहा था कि ये काम साधु-संतों का है।

ये भी पढ़ें-

फर्जी वीडियो शेयर करके राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पर निशाना साधकर बुरे फंसे अभिजीत दीपके, अब दे रहे सफाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।