1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर: इमारत में लगी भीषण आग में 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 बेटियों की गई जान

कानपुर: इमारत में लगी भीषण आग में 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 बेटियों की गई जान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 05, 2025 07:01 am IST,  Updated : May 05, 2025 07:15 am IST

कानपुर में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में एक पति-पत्नी और 3 बेटियों की मौत हुई है।

Kanpur fire- India TV Hindi
कानपुर में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग Image Source : INDIA TV

कानपुर: कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र की पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई है। आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई है। आग की लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की वजह से इमारत में मौजूद पति-पत्नी और तीन बेटियों की मौत हुई है। फायर ब्रिगेड की 50 से ज्यादा गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है।

क्या है पूरा मामला?

कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र के गांधीनगर इलाके में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। ये आग इतनी भीषण थी कि इसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की वजह से इमारत में कई लोग फंस गए। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की तमाम गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश में जुट गईं।

आग इतनी भीषण थी कि आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत में अवैध रूप से जूते का कारखाना चलता था। हालांकि खबर लिखे जाने तक ये पता नहीं लग सका कि आग किस वजह से लगी। 

आग की खबर सुनते ही मौके पर तमाम आला अधिकारी पहुंच गए।

एडीसीपी सेंट्रल कानपुर का सामने आया था बयान 

एडीसीपी सेंट्रल कानपुर राजेश श्रीवास्तव ने इस घटना पर बयान भी जारी किया था। उन्होंने कहा था, 'पांच लोगों को अस्पताल भेजा गया है, उनकी मेडिकल जांच की जाएगी। उनके बचने की उम्मीद बहुत कम है।' इसके बाद आज सुबह ये जानकारी सामने आई कि 5 लोगों की मौत हो गई है।

कानपुर शहर के चमनगंज इलाके में आग लगने वाली इमारत में काफी देर तक बचाव कार्य जारी रहा। एसडीआरएफ और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग वहां पर दिखाई दिए।(इनपुट: कानपुर से ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।