कानपुर: रामायण का एक प्रसंग था जहां रावण की बहन शूर्पणखा भगवान राम या लक्ष्मण में से किसी एक से विवाह करना चाहती है। जब दोनों मना कर देते है तो वह हमला करती है, जिसके बाद लक्ष्मण शूर्पणखा की नाक काट देते है। इसकी शिकायत वो अपने भाई रावण से करती है। कुछ ऐसी ही शिकायत लेकर कानपुर के थाना काकवन क्षेत्र के गुमानी पुरवा गांव के लोग डीएम के जनता दरबार में लेकर आए।
क्या है पूरा मामला?
डीएम के पास अपनी शिकायत लेकर आए ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव का अलवर नाम का व्यक्ति गांव में रोज किसी न किसी से फालतू झगड़ा करता है और फिर दांतों से सबकी नाक काट देता है। इस शिकायत के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने डीसीपी पश्चिम को निर्देश दिया है।
कानपुर के थाना ककवन अंतर्गत गांव गुमानी पुरवा के कुछ गांव वाले डीएम के जनता दरबार में पहुंचे। वहां पर उन्होंने बताया कि उसके गांव का एक व्यक्ति अलवर है, जिसके दांत चूहे की तरह पैने हैं। वह व्यक्ति लोगों से झगड़ा करता रहता है और जैसे ही कोई विरोध करता है तो झपटा मारकर उसकी नाक काट लेता है। गांव वालों का आरोप है कि उसके दांत चूहे से भी ज्यादा पैने हैं। उसके काटने की वजह से कई लोगों की नाक चेहरे से अलग भी हो चुकी है। गांव वालों ने बताया कि अगर किसी तरह से कोई अपनी नाक बचा लेता है तो अलवर उसका अंगूठा चबा लेता है।
डीएम भी हैरान
गांव वालों की शिकायत सुनकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के साथ जनता दरबार में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। गांव वाले अपने साथ ऐसे पीड़ितों को भी लेकर आए थे जिनकी नाक यह “नककटा” काट चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मामले को संबंधित डीसीपी पश्चिम के पास भेज दिया है।
इस मामले की जांच करके कार्रवाई की बात कही गई है। गांव से आए अवधेश ने बताया कि अलवर की वजह से पूरे गांव वाले परेशान हैं। उसने लोगों की नाक काटकर सबको परेशान कर रखा है। उसका आतंक इस कदर है कि उसके घर का पता कोई अलवर के नाम से नहीं बल्कि “नककटा” के नाम से पूछता है। अवधेश के अनुसार, अभी तक वो आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की नाक काट चुका है जिसकी वजह से गांव में दहशत फैली हुई है। (इनपुट: ज्ञानेंद्र शुक्ला)