1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रीलबाजी के चक्कर में गई नेवी की परीक्षा देकर लौट रहे सौरभ की जान, कार की सनरूफ से निकल बना रहा था वीडियो; यूं हो गया हादसा

रीलबाजी के चक्कर में गई नेवी की परीक्षा देकर लौट रहे सौरभ की जान, कार की सनरूफ से निकल बना रहा था वीडियो; यूं हो गया हादसा

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 06, 2026 08:32 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 08:36 pm IST

कानपुर में कार पलटने से हादसा हो गया है और इसमें नेवी की परीक्षा दे रहे सौरभ की मौत हो गई। सौरभ कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बना रहा था और कार पलटते वक्त उसी के नीचे दब गया।

Kanpur road accident- India TV Hindi
कानपुर में नेवी की परीक्षा देकर लौट रहे युवक की कार पलटी। Image Source : REPORTERS INPUT

Kanpur Road Accident: यूपी के कानपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून 18 साल के युवक की जान ले गया। नेवी में भर्ती होने का सपना लेकर परीक्षा देने गया युवक अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुई सड़क दुर्घटना ने उसके और उसके परिवार के सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित बछाऊपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे सनरूफ से बाहर निकलकर रील बना रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 4 दोस्त घायल हो गए।

सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो कर रहा था शूट

मृतक की पहचान संभलपुर निवासी सौरभ कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ अपने 4 दोस्तों के साथ नेवी भर्ती परीक्षा देकर लौट रहा था। परीक्षा के बाद सभी दोस्तों में उत्साह था और रास्ते में रील्स भी बनाई जा रही थीं। इसी दौरान, सौरभ चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो शूट कर रहा था।

कई बार पलटकर सड़क किनारे जा गिरी कार

चश्मदीदों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही गाड़ी बछाऊपुर मोड़ के पास पहुंची, ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज स्पीड के कारण कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी।

Saurabh Kushwaha death
Image Source : REPORTERS INPUTबछाऊपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

सनरूफ से निकलकर कार के नीचे दब गया सौरभ

कार पलटते ही सनरूफ से बाहर निकला सौरभ सीधे सड़क पर गिरा और कार के नीचे दब गया। उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। वहीं कार के भीतर बैठे अन्य चार युवक भी घायल हो गए और वाहन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से निकाला बाहर

इसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद पलटी हुई कार को सीधा किया और उसमें फंसे युवकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार युवकों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जिस बेटे के नेवी में चयन होने के सपने परिवार देख रहा था, उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही लापरवाही

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है जबकि 4 अन्य घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है।

सनरूफ से बाहर निकलना है बेहद खतरनाक

थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने कहा कि लोग अक्सर सनरूफ को स्टंट और वीडियो शूटिंग का माध्यम समझ लेते हैं, जबकि यह केवल रोशनी और ताजी हवा के लिए बनाई जाती है। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना बेहद खतरनाक होता है। किसी भी दुर्घटना या वाहन पलटने की स्थिति में सबसे पहले वही व्यक्ति गंभीर हादसे का शिकार होता है जो वाहन से बाहर निकला होता है।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- प्रेमी बना हैवान! युवती को प्रेग्नेंट किया, शादी की जिद की तो मार कर फेंका; जानवर खा गए लाश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।